मिशन 2027 का आगाज: भाजपा स्थापना दिवस पर आगरा में दिखा ‘ब्रज’ का दम, कार्यकर्ताओं ने लिया विजय संकल्प

Politics

आगरा: भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार को ताजनगरी के जयपुर हाउस स्थित ब्रज क्षेत्र कार्यालय में अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। यह आयोजन केवल एक औपचारिक उत्सव तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव के लिए एक सशक्त ‘विजय संकल्प अभियान’ का रूप ले लिया।

आतिशबाजी की गूंज और ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष के बीच हजारों कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर उत्तर प्रदेश में फिर से कमल खिलाने की शपथ ली।

केसरिया रंग में रंगा ब्रज क्षेत्र कार्यालय

ब्रज क्षेत्र से लेकर महानगर और जिले तक के दिग्गजों की मौजूदगी ने इस कार्यक्रम को एक बड़े राजनीतिक संदेश में तब्दील कर दिया। मुख्य अतिथि ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष दुर्गविजय सिंह शाक्य ने वरिष्ठ नेताओं के साथ ध्वजारोहण कर उत्सव का शुभारंभ किया। इस दौरान विधायक, एमएलसी, महापौर और जिला पंचायत अध्यक्षों समेत संगठन के पन्ना प्रमुखों तक ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर भाजपा की ‘संगठनात्मक मजबूती’ का लोहा मनवाया।

विचारधारा से विजय तक का सफर

​आयोजित गोष्ठी में वक्ताओं ने भाजपा के ऐतिहासिक सफर को रेखांकित किया। ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष दुर्गविजय सिंह शाक्य ने कहा कि भाजपा की असली ताकत उसका अनुशासित कार्यकर्ता है, जिसके लिए राष्ट्र हमेशा दल से ऊपर रहता है।

जिलाध्यक्ष प्रशांत पोनिया ने 1984 की 2 सीटों से लेकर आज पूर्ण बहुमत की सरकार तक के संघर्षपूर्ण सफर को कार्यकर्ताओं के सामने रखा। वहीं, महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए सांस्कृतिक पुनर्जागरण, धारा 370 के खात्मे और भव्य राम मंदिर निर्माण जैसे ऐतिहासिक कार्यों को पार्टी की बड़ी उपलब्धि बताया।

आतिशबाजी और मिठाइयों से मना जीत का अग्रिम जश्न

​शाम होते ही पूरा परिसर दीवाली जैसा जगमग हो उठा। ढोल-नगाड़ों की थाप पर कार्यकर्ता झूमते नजर आए। भारी आतिशबाजी और मिष्ठान वितरण के साथ कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को बधाई दी। नेताओं ने स्पष्ट संदेश दिया कि भाजपा अब ‘मोड 2027’ में आ चुकी है और संगठन के हर व्यक्ति को अभी से जनता के बीच जाकर केंद्र व राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं को पहुँचाना होगा।

​दिग्गजों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से एमएलसी विजय शिवहरे, विधायक जीएस धर्मेश, धर्मपाल सिंह, रानी पक्षालिका, छोटे लाल वर्मा, भगवान सिंह कुशवाह सहित हेमेंद्र शर्मा, अवधेश रावत, रोहित कत्याल (मीडिया प्रभारी), मुकेश चाहर और हजारों की संख्या में जोश से भरे कार्यकर्ता शामिल हुए।