मिशन 2027: बंगाल में बीजेपी की ‘सुनामी’ ने बढ़ाई अखिलेश की टेंशन, अब जमीन के साथ मनोबल बचाने की चुनौती

Politics

लखनऊ: पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव परिणामों ने उत्तर प्रदेश की सियासत में नई हलचल पैदा कर दी है। बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत ने जहाँ भगवा खेमे के उत्साह को सातवें आसमान पर पहुँचा दिया है, वहीं समाजवादी पार्टी के लिए यह नतीजे चेतावनी की घंटी बनकर उभरे हैं। अब यूपी में 2027 की जंग सिर्फ चुनावी समीकरणों की नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं के मनोबल को बनाए रखने की भी बन गई है।

​अखिलेश का पलटवार और सतर्कता

बंगाल में ममता बनर्जी की हार के बाद अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर शायराना अंदाज में तंज कसते हुए लिखा, “हर फरेबी फतह की एक मियाद होती है, ये बात ही ‘सच्चाई की बुनियाद होती है।” यह बयान दरअसल उस मनोवैज्ञानिक दबाव को कम करने की कोशिश है, जो बंगाल की जीत के बाद भाजपा ने विपक्ष पर बनाया है। हालांकि, सपा के भीतर से भी स्वर उठने लगे हैं; पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरनमय नंदा ने बंगाल में टीएमसी की हार का कारण वहां की सरकार के ‘भ्रष्टाचार’ को बताकर एक नई बहस छेड़ दी है।

​मोमेंटम बनाम एंटी-इनकंबेंसी

सपा को भरोसा है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में मिली 43 सीटों की बढ़त 2027 में उसे सत्ता तक पहुँचाएगी। पार्टी का मानना है कि जहाँ बंगाल में ममता को 15 साल की सत्ता विरोधी लहर (Anti-incumbency) का सामना करना पड़ा, वहीं यूपी में यह चुनौती भाजपा के सामने होगी। हालांकि, हालिया उपचुनावों में मिली हार के बाद विपक्ष के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपने समर्थकों को यह यकीन दिलाने की है कि वे भाजपा के विजय रथ को रोक सकते हैं।

​सॉफ्ट हिंदुत्व और नया एजेंडा

भाजपा को ध्रुवीकरण का मौका न मिले, इसके लिए अखिलेश यादव अब बेहद सधे हुए कदम उठा रहे हैं। मंगलवार को हनुमान चालीसा की पंक्तियां साझा करने के बाद अब चर्चा है कि वे ‘सॉफ्ट हिंदुत्व’ के कार्ड को और धार देंगे। इटावा में बन रहे केदारेश्वर मंदिर का भव्य लोकार्पण सावन के महीने में करने की तैयारी है। इसके जरिए सपा यह संदेश देना चाहती है कि वह आस्था के मोर्चे पर भी पीछे नहीं है।

​रणनीति और सामाजिक विस्तार

सपा के रणनीतिकारों का दावा है कि उन्होंने गैर-यादव ओबीसी और दलित वर्गों में अपना आधार मजबूत किया है। बसपा के कमजोर पड़ने और कांग्रेस के साथ अटूट गठबंधन के चलते सपा खुद को भाजपा के एकमात्र विकल्प के रूप में देख रही है।

अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं को साफ निर्देश दिए हैं कि वे ऐसा कोई आचरण या बयान न दें जिससे भाजपा को सांप्रदायिक ध्रुवीकरण का अवसर मिले। अब मुकाबला ‘सोशल इंजीनियरिंग’ बनाम ‘बीजेपी के मनोबल’ के बीच है, जिसमें 2027 का परिणाम ही तय करेगा कि किसका फॉर्मूला सटीक रहा।