आगरा। सूरसदन प्रेक्षागृह में दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर के एकल नाट्य शो ‘कुछ भी हो सकता है’ ने दर्शकों को जीवन के उतार-चढ़ाव, संघर्ष और प्रेरणा के एक अनोखे सफर पर ले जाकर मंत्रमुग्ध कर दिया। स्पाइसी शुगर संस्था द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में आगरा के कला प्रेमियों की भारी भीड़ उमड़ी। इस शो के साथ ही अनुपम खेर ने अपने अभिनय करियर के 42 शानदार वर्ष पूरे होने का जश्न भी आगरा के दर्शकों के बीच मनाया।
अनोखा अंदाज और चुटीले संवाद
शो की शुरुआत बेहद दिलचस्प रही। अनुपम खेर ने किसी वीआईपी की तरह नहीं, बल्कि एक आम इंसान की तरह साइड गेट से प्रवेश किया। मंच पर पहुँचते ही उन्होंने कहा, “आगरा के सारे गुड लुकिंग लोग आ गए!” उनके इस अंदाज ने सभागार में मौजूद दर्शकों का दिल जीत लिया और तालियों की गूँज से पूरा हॉल गूँज उठा।
संघर्षों और सफलता की भावुक यात्रा
अनुपम खेर ने अपने जीवन के अनछुए पहलुओं को साझा करते हुए बताया कि कैसे शिमला से मुंबई तक का उनका सफर आसान नहीं था।
शुरुआती संघर्ष: अभिनय सीखने के लिए चंडीगढ़ एक्टिंग स्कूल में महिला पात्र की एक्टिंग करना हो या नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (NSD) के संघर्षपूर्ण दिन, उन्होंने अपनी हर चुनौती को बड़ी सहजता से साझा किया।
सारांश का टर्निंग पॉइंट: उन्होंने बताया कि मात्र 28 साल की उम्र में 65 साल के वृद्ध का किरदार निभाने के लिए उन्होंने न केवल सिर मुंडवाया, बल्कि छह महीने तक कड़ी तैयारी की। फिल्म ‘सारांश’ ने उन्हें रातों-रात हिंदी सिनेमा में एक नई पहचान दी।
असफलता और वापसी: उन्होंने अपने प्रोडक्शन हाउस की विफलता और आर्थिक संकट के दौर को भी याद किया। उन्होंने कहा कि समय हमेशा बदलता है, बस खुद पर भरोसा होना चाहिए।
अमिताभ बच्चन की सादगी से मिली सीख
सफलता के शिखर पर पहुँचने के बाद आए घमंड के दौर का जिक्र करते हुए उन्होंने अमिताभ बच्चन का उदाहरण दिया। अनुपम खेर ने बताया कि कैसे बिग बी की सहजता और जमीन से जुड़े व्यवहार ने उन्हें यह सीख दी कि चाहे आप कितने भी बड़े सितारा बन जाएँ, विनम्रता ही असली सफलता है। उन्होंने दिलीप कुमार, सतीश कौशिक और अपने दादाजी को भी भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।
स्पेशल बच्चों के साथ बिताया समय बना सीख
काम के दबाव के कारण जब उनका स्वास्थ्य बिगड़ा, तो विशेष बच्चों (Special Children) के साथ बिताया गया समय उनके जीवन का सबसे सकारात्मक मोड़ साबित हुआ। उन्होंने कहा, “हर बुधवार उन बच्चों के स्कूल जाना मेरी जिंदगी की सबसे बड़ी सीख बन गया।”
‘कुछ भी हो सकता है’ का संदेश
पूरे शो के दौरान उन्होंने एक ही संदेश दिया—”जिंदगी में कुछ भी हो सकता है।” उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि यदि एक लंगोटी वाला आदमी (महात्मा गांधी) देश को आजादी दिला सकता है, तो दुनिया का कोई भी व्यक्ति अपने सपनों को हकीकत में बदल सकता है।
कार्यक्रम में डीआईजी शैलेश पांडे, वाई. के. गुप्ता और शलभ गुप्ता सहित शहर की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियाँ मौजूद रहीं। पूनम सचदेवा ने स्वागत भाषण दिया और पावनी-चांदनी ने मंच संचालन किया।


