आगरा: उत्तर प्रदेश को ‘वन ट्रिलियन डॉलर’ इकोनॉमी बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई रफ्तार देने के उद्देश्य से गुरुवार को आगरा में “डेयरी कॉन्क्लेव/स्वर्णिम दुग्धामृत संवाद समागम” का भव्य आयोजन किया गया। आरबीएस कॉलेज के सभागार में आयोजित इस समागम में प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने आगरा वासियों को बड़ी सौगात देते हुए ‘पराग डेयरी प्लांट’ को जल्द ही पुन: शुरू करने की घोषणा की।
कॉन्क्लेव में आगरा और अलीगढ़ मंडल के किसानों, गोपालकों, दुग्ध उत्पादकों, डेयरी उद्यमियों और निवेशकों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली।
कार्यक्रम का उद्देश्य उन्नत और स्वस्थ गोवंश को बढ़ावा देना, डेयरी सेक्टर में निवेश आकर्षित करना तथा उत्तर प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में गति प्रदान करना रहा।
दुनिया में आर्थिक संकट, पर भारत अडिग: धर्मपाल सिंह
मंत्री धर्मपाल सिंह ने अपने संबोधन में वैश्विक आर्थिक हालात का जिक्र करते हुए कहा कि दुनिया युद्ध और आर्थिक संकट के दौर से गुजर रही है, लेकिन भारत पर उसका प्रभाव नहीं पड़ने दिया गया। उन्होंने कहा कि हॉर्मूज क्षेत्र में संकट के बावजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एलपीजी आपूर्ति बाधित नहीं होने दी गई। उन्होंने कहा कि आज रसोई गैस और अमोनिया गैस का संबंध सीधे आम आदमी के जीवन से जुड़ा है, लेकिन भविष्य में इसका स्थायी समाधान गौशालाएं और गोबर गैस ही बनेंगी। उन्होंने किसानों से गोबर से बनी जैविक खाद अपनाने और प्राकृतिक खेती की ओर बढ़ने की अपील की।
मंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले गाय माता कसाइयों से डरती थी, लेकिन आज योगी सरकार में हालात बदल चुके हैं। उन्होंने कहा कि पशुपालन में किसानों की घटती रुचि के कारण बाजार में नकली दूध, घी, पनीर और मावा जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं। ऐसे में हर परिवार को कम से कम एक गाय जरूर पालनी चाहिए। उन्होंने बताया कि प्रदेश की गौशालाओं को अब खाद उत्पादन, वर्मी कंपोस्ट और गोबर गैस निर्माण से जोड़ा जा रहा है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
पशुपालकों के लिए योजनाओं का पिटारा
कार्यक्रम में मंत्री ने पशुपालकों और डेयरी उद्यमियों के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि नंदनी कृषक समृद्धि योजना में 31.50 लाख रुपये तक अनुदान, मिनी नंदनी योजना में 11.80 लाख रुपये तक सहायता, मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ संवर्धन योजना में 80 हजार रुपये की सहायता, 200 गायों की यूनिट पर 4 करोड़ रुपये तक ऋण, जिसमें 2 करोड़ रुपये तक सब्सिडी, दो गायों की यूनिट पर 40 हजार रुपये तक अनुदान का प्रावधान किया गया है।
एक घंटे में घर पहुंचेगी पशु चिकित्सा टीम
मंत्री ने बताया कि पशुओं के इलाज के लिए प्रदेश में 520 मोबाइल वेटरनरी वैन संचालित की जा रही हैं। टोल फ्री नंबर 1962 पर कॉल करने के एक घंटे के भीतर पशु चिकित्सा टीम घर पहुंचकर इलाज करती है। उन्होंने कहा कि दुग्ध समितियों के भुगतान को और तेज करने की दिशा में काम चल रहा है। वर्तमान में मासिक भुगतान हो रहा है, जिसे जल्द साप्ताहिक करने की योजना बनाई जा रही है।
निवेश और उत्पादन में आगरा-अलीगढ़ का दबदबा
कार्यक्रम में दुग्ध आयुक्त धन लक्ष्मी के. ने बताया कि उत्तर प्रदेश देश के कुल दुग्ध उत्पादन में 16 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ पहले स्थान पर है। उन्होंने कहा कि राज्य को अब तक करीब 5 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनमें आगरा और अलीगढ़ मंडल की 18 प्रतिशत भागीदारी है। लक्ष्य दुग्ध उत्पादन, प्रोसेसिंग क्षमता और किसानों की आय को और बढ़ाना है।
आधुनिक तकनीक और सम्मान
कॉन्क्लेव के विभिन्न सत्रों में विशेषज्ञों ने स्वदेशी नस्ल सुधार और आधुनिक डेयरी प्रबंधन पर चर्चा की। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पशुपालकों और उद्यमियों को सम्मानित किया गया। निजी कंपनियों द्वारा लगाए गए स्टॉल्स पर आधुनिक मशीनों और डेयरी तकनीकों का प्रदर्शन भी किया गया, जिसने नवागंतुक निवेशकों और किसानों का ध्यान अपनी ओर खींचा।


