यूक्रेन में फंसे आगरा के कई छात्र, वीडियो कॉल कर सुनाई पीड़ा

City/ state Regional

रूस-यूक्रेन में जारी युद्ध के बीच आगरा के कई छात्र फंसे हुए हैं। इससे उनके परिवारीजन दहशत में हैं। वो अपने बच्चों के सही सलामत वतन वापसी की दुआ कर रहे हैं। टीवी के जरिए यूक्रेन में हो रही गतिविधियों पर नजर रखे हुए हैं। ऐसे में आगरा के अवधपुरी निवासी डा. गुलाब सिंह भी अपने बेटे रजत को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने सरकार से अपने बच्चे को सकुशल वापस लौटाने की मांग की है।

बता दें कि आगरा के अवधपुरी निवासी रजत सिंह यूक्रेन से मेडिकल की पढ़ाई कर रहे हैं। उनके पिता डॉ गुलाब सिंह ने बताया कि रजत पांच साल से यूक्रेन में है। वो वहां से एमबीबीएस कर रहा है। रजत छुट्‌टी पर आगरा आया था। रूस और यूक्रेन में तनातनी के बीच वो 14 फरवरी को ही वापस यूक्रेन गए हैं। जब से वो यूक्रेन गए हैं तब से हालत खराब हो गए हैं। रजत से उनकी मां मीना और दोनों बहनें लगातार वीडियो कॉल के जरिए बात कर रही हैं। उनकी मां ने सरकार से अपने बच्चे को सकुशल वापस मंगाने की मांग की है।

यूक्रेन में फंसे रजत को आठ दिन हुए हैं। जब वो आए थे, तब हालात खराब नहीं थे। आज सुबह उन्हें जंग शुरू होने के बारे में पता चला। उन्होंने बताया कि जहां पर रूस ने हमला बोला है, वो शहर दूर है। उन्होंने सुबह दो धमाकों की आवाज सुनी है। उन्होंने बताया कि घरवाले चाहते हैं कि वो वापस आ जाएं, लेकिन अब दिक्कत यह है कि यूक्रेन से सारी फ्लाइट बंद हो गई हैं। ऐसे मे वापस जाना संभव नहीं हो पा रहा है।