आगरा: केदारनाथ में ट्रांस यमुना कालोनी के दंपति के साथ बड़ा हादसा, पांच साल का बेटा गहरी खाई में गिरा

स्थानीय समाचार

आगरा: ट्रांस यमुना कालोनी फेज वन में विजय कुमार गुप्ता रहते हैं। उनका फव्वारे पर आनलाइन टिकट बुकिंग का काम है। उनकी 20 साल की बेटी और पांच साल का बेटा शिवाय था। वह एलकेजी में पढ़ता था। घरवालों के अनुसार, विजय के रिश्तेदारों ने हरिद्वार में भंडारा किया था। विजय अपने और साढू के परिवार के साथ वहां गए थे। वहां से परिवार समेत केदारनाथ चले गए।

घरवालों ने बताया कि शुक्रवार को गौरी कुंड से भीमबली एक घोड़े से यात्रा की। इसके बाद पैदल चलने लगे। शिवाय को चलने में परेशानी होने लगी। वह रोने लगा तो दंपति ने उसके लिए पिट्ठू कर लिया। उसे कंडिया में आगे बैठा दिया। परिवार के लोग पीछे रह गए। पिट्ठू काफी आगे निकल गया। इसी बीच कुछ यात्रियों ने बच्चे के गिरने की सूचना दी। ये सुनकर दंपति के होश उड़ गए।

वह तेजी से आगे की तरफ भागे। लेकिन पिट्ठू नहीं मिला। इधर पुलिस एनांउस कर रही थी कि खाई में एक बच्चे का शव मिला है। तब दंपति ने उसकी शिनाख्त की। माता—पिता शव देखकर बेहोश हो गए। बताया जा रहा है कि परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार वहीं कर दिया। रविवार देर रात घरवाले आगरा लौट आए। परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। घरवालों का रो—रोकर बुरा हाल है। रिश्तेदार और पड़ोसी उन्हें ढांढस बंधा रहे हैं।