आगरा: भाजपा सांसद आवास के पास फेंके गए ईंट-पत्थर, दहशत में आए लोग

स्थानीय समाचार

आगरा। आगरा में भाजपा सांसद के आवास के पास सोमवार आधी रात को एक व्यक्ति ने वीआईपी आवासों पर ईंट-पत्थर फेंककर दहशत फैला दी। लगातार फेंके जा रहे ईंट-पत्थर से लोग बुरी तरह डर गए। उन्होंने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पत्थर फेंकने वाले को गिरफ्तार कर लिया और उसे थाने ले आई।

खंदारी परिसर में इटावा के भाजपा सांसद रामशंकर कठेरिया सहित विश्वविद्यालय के कई प्रोफेसर और अधिकारियों के आवास है। सोमवार आधी रात को लोग सुकून से सो रहे थे, तभी इन वीआईपी आवासों पर ईंट-पत्थर फेंके जाने लगे। लोगों की नींद टूट गई। लोगों ने एक-दूसरे को कॉल कर पूछा। किसी को कुछ समझ नहीं रहा था। इस पर पुलिस को सूचना दी गई।

लोगों ने घरों से बाहर निकलकर देखा तो एक व्यक्ति लगातार ईंट-पत्थर फेंके जा रहा था। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे दबोच लिया। उसे पकड़कर थाने ले आई। उससे पूछताछ की गई है। आरोपी मानसिक रूप से बीमार बताया गया है। हैरान करने वाली बात यह है कि खंदारी परिसर के हर गेट पर चौकीदार तैनात रहता है, फिर भी वह व्यक्ति परिसर में प्रवेश कर गया।