देवरिया नरसंहार: आरोपियों के समर्थन में उतरे सपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज

Regional

राजस्व विभाग की दो टीमों ने की पैमाइश

देवरिया नरसंहार कांड के आरोपियों पर सरकारी जमीन कब्जा करने की भी शिकायत की गई है। शिकायत के आधार पर राजस्व विभाग ने उनके घरों की पैमाइश कराई, जिसमें तीन आरोपियों का घर सरकारी जमीन में मिला था। अवैध कब्जा हटाने के लिए आरोपियों के घरों पर नोटिस चस्पा कर दिया गया। 7 अक्टूबर तक नोटिस का जवाब देने की तारीख तय थी। नोटिस के जवाब में आरोपियों ने दोबारा पैमाइश करने की मांग की थी। प्रेमचंद यादव के परिजनों एवं उनके अधिवक्ता की मांग पर सोमवार को राजस्व विभाग की दो टीमें फतेहपुर गांव के अभयपुर टोला में पहुंचीं।

लाठीचार्ज के बाद भागे सपाई

दोबारा पैमाइश की सूचना पाकर समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष व्यास यादव समेत काफी संख्या में सपा कार्यकर्ता फतेहपुर गांव के अभयपुर टोला पहुंचे। जहां पैमाइश के दौरान समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बवाल शुरू कर दिया। सपाइयों का हंगामा देखकर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। जिसके बाद भगदड़ मच गई। बवाली खेतों के रास्ते भागने लगे।

पुलिस की सख्ती के बाद राजस्व विभाग की टीम ने पैमाइश की। मुख्य राजस्व अधिकारी रजनीश राय ने बताया कि ग्राम समाज की जमीन पर किए गए अवैध कब्जे को खाली करने के लिए पैमाइश कराई जा रही है। इस पैमाइश के बाद जो फाइनल होगा, उसके हिसाब से कार्रवाई की जाएगी।

Compiled: up18 News