बिहार के लाल का मुंबई में कमाल! गया के अरविंद कुमार सिन्हा बने ‘मिस्टर इंडिया प्लस साइज’ के फर्स्ट रनरअप

Entertainment

मुंबई/गया। प्रतिभा और जुनून किसी दायरे या आकार के मोहताज नहीं होते। बिहार के गया जिले के रहने वाले अरविंद कुमार सिन्हा ने इस बात को मायानगरी मुंबई में सच कर दिखाया है। महाराष्ट्र की धरती पर आयोजित ‘मिस्टर मिस मिसेज इंडिया प्लस साइज ब्यूटी पेजेंट – सीजन 2 (2026)’ में अरविंद ने अपनी शानदार पर्सनालिटी और आत्मविश्वास के दम पर ‘प्रथम रनरअप मिस्टर इंडिया मॉडल’ का खिताब अपने नाम किया है।

पानी की गहराई से रैंप की ऊंचाइयों तक

अरविंद का सफर संघर्ष और अनुशासन की एक अनूठी दास्तां है। पेशे से ‘कंट्री क्लब मैनेजर’ की जिम्मेदारी संभालने वाले अरविंद एक कुशल तैराक भी हैं। उनका मानना है कि तैराकी ने उन्हें न केवल शारीरिक स्फूर्ति दी, बल्कि मानसिक मजबूती और धैर्य भी सिखाया। पानी में लक्ष्य पर केंद्रित रहने की यही कला आज उन्हें रैंप पर एक आत्मविश्वास से भरे योद्धा के रूप में पेश कर रही है।

अभिनय: जो भीतर से निकलता है

एक मॉडल होने के साथ-साथ अरविंद के भीतर एक मंझा हुआ कलाकार भी बसता है। अभिनय को लेकर उनका नजरिया बेहद स्पष्ट है— “अभिनय सीखा नहीं जाता, वह रूह से निकलता है।” क्लब की व्यस्त जिम्मेदारियों के बीच भी जब उन्हें मंच या कैमरे के सामने आने का मौका मिलता है, तो वे किरदार को निभाने के बजाय उसे जीने लगते हैं। उनकी सहजता ही उन्हें भीड़ से अलग खड़ा करती है।

​युवाओं के लिए बने मिसाल

गया जैसे छोटे शहर से निकलकर मुंबई के इस प्रतिष्ठित मंच तक पहुँचना अरविंद के लिए चुनौतियों भरा रहा। लेकिन “मौका मिला तो कुछ कर दिखाऊंगा” की उनकी सकारात्मक सोच ने आज उन्हें इस मुकाम पर पहुँचा दिया है। आज अरविंद कुमार सिन्हा उन हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा बन गए हैं जो अपनी शारीरिक बनावट या जिम्मेदारियों के बोझ तले अपने सपनों को दबा देते हैं।

-अनिल बेदाग