श्री मनःकामेश्वर मंदिर में हुआ ‘कैलाश’ कार्यक्रम के आमंत्रण पत्र का विमोचन, 9 अगस्त को सूरसदन में होगी भक्ति, संस्कृति और अध्यात्म की दिव्य संध्या
आगरा। भगवान भोलेनाथ की भक्ति और भारतीय संस्कृति के अद्भुत संगम का साक्षी बनने जा रहा आगरा शहर 9 अगस्त को एक ऐतिहासिक आध्यात्मिक आयोजन का गवाह बनेगा। सावन मास के पावन अवसर पर लॉयंस क्लब कॉनराय, लॉयंस क्लब प्रयास एवं ऐरिश एंटरटेनमेंट के संयुक्त तत्वावधान में पहली बार “कैलाश” नामक भव्य सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक संध्या का आयोजन किया जा रहा है। इस भव्य आयोजन के आमंत्रण पत्र का विमोचन रविवार को श्री मनःकामेश्वर मंदिर, रावतपाड़ा में सम्पन्न हुआ।
विमोचन समारोह का शुभारंभ करते हुए श्री मनःकामेश्वर मठ मंदिर के श्रीमहंत योगेश पुरी महाराज ने कहा कि बाबा श्री मनःकामेश्वर की नगरी में पहली बार सावन मास के दौरान ऐसा दिव्य आयोजन होने जा रहा है, जिसमें अध्यात्म, संस्कृति और शिव भक्ति का अद्भुत समागम देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि भगवान शिव केवल आराध्य नहीं, बल्कि संपूर्ण सृष्टि के कल्याण के प्रतीक हैं। ऐसे आयोजनों से समाज में आध्यात्मिक चेतना जागृत होती है और नई पीढ़ी अपनी सनातन संस्कृति से जुड़ती है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में बाबा भोलेनाथ की सुप्रसिद्ध महाआरती, आधुनिक तकनीक से सुसज्जित लेजर शो के माध्यम से द्वादश ज्योतिर्लिंगों के दिव्य दर्शन, डमरू और शंखनाद की गूंज के बीच वैदिक परंपरा के अनुसार रुद्रपाठ एवं शिव महिमा का अलौकिक वातावरण श्रद्धालुओं को भगवान शिव के कैलाश धाम का आध्यात्मिक अनुभव कराएगा।
कार्यक्रम संयोजक पुनीत अग्रवाल (निर्देशक, ऐरिश एंटरटेनमेंट) ने बताया कि 9 अगस्त (रविवार) सायं 5 बजे सूरसदन प्रेक्षागृह में आयोजित होने वाली यह भव्य संध्या भगवान शिव की भक्ति को समर्पित रहेगी। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण उज्जैन के सुप्रसिद्ध शिव भजन गायक गजेंद्र प्रताप सिंह की भावपूर्ण एवं ओजस्वी प्रस्तुति होगी। उनके द्वारा प्रस्तुत शिव भजन, स्तुति एवं संगीतमय आराधना श्रद्धालुओं को भक्ति के रस में सराबोर कर देगी।
उन्होंने बताया कि गजेंद्र प्रताप सिंह अपनी विशिष्ट गायन शैली और शिवमय प्रस्तुतियों के कारण देशभर में लाखों श्रद्धालुओं के बीच अत्यंत लोकप्रिय हैं तथा उनकी प्रस्तुति इस आयोजन को अविस्मरणीय बना देगी।
उन्होंने कहा कि “कैलाश” केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि भगवान शिव के प्रति श्रद्धा, आस्था और भारतीय आध्यात्मिक परंपरा का जीवंत उत्सव होगा। कार्यक्रम में पारंपरिक स्वागत, भव्य मंच सज्जा, लेजर शो तथा शिव भक्ति से ओतप्रोत वातावरण श्रद्धालुओं को कैलाश पर्वत की अलौकिक अनुभूति कराएगा। आयोजन का उद्देश्य समाज में सनातन संस्कृति, शिव भक्ति एवं आध्यात्मिक मूल्यों का व्यापक प्रसार करना है।
इस अवसर पर राधा रमण टिंबर, अंकित मांगलिक, सारंग अग्रवाल, आशीष गर्ग, अंशुल गर्ग, अनुज खंडेलवाल, निशेष अग्रवाल, मनोज जैन, संजय अग्रवाल, इशिता अग्रवाल, मिताली गर्ग, संजय गर्ग, निखिल अग्रवाल, पूनम अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।


