नोएडा की तर्ज पर आगरा का होगा औद्योगिक विकासः केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी

Regional

केंद्रीय विदेश एवं संस्कृति राज्य मंत्री ने बढ़ाया आगरा के उद्यमियों और व्यापारियों का हौसला, बोलीं अडानी−अंबानी बन सकते हैं आप भी

आगरा। केंद्रीय विदेश एवं संस्कृति राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी ने आज रविवार को यहां कहा कि वर्ष 2014 में जब केंद्र में मोदी सरकार बनी, उस वक्त देश की अर्थव्यवस्था वर्तमान के पाकिस्तान से भी अधिक चरमराई हुई मिली थी। नौ वर्ष के मोदी सरकार के कार्यकाल में देश विश्व की पांच बड़ी अर्थव्यवस्था में शामिल हो चुका है। ये देश के औद्योगिक जगत के सहयोग से ही संभव हो सका।

केंद्रीय मंत्री होटल जेपी पैलेस में इंडियन इंडस्ट्री एंड ट्रेड कॉन्क्लेव के समापन सत्र को संबोधित कर रही थीं।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आठ लाख से अधिक गांवों में इंटरनेट कनेक्शन पहुंच चुका है। 108 से अधिक यूनिकॉर्न हैं। एमएसएमई की परिभाषा बदल चुकी है। वर्ष 1947 से 2014 तक का काल गिरती हुयी अर्थव्यवस्था का था। मोदी सरकार ने देश का वर्तमान और भविष्य बदला है।

अर्थव्यस्था में हम 60 के अंक के करीब पहुंच चुके हैं। आवश्यकता है कि हम सौर ऊर्जा पर काम अधिक करें। वेयर हाउस व्यवस्था पर बड़ा काम हो सकता है। उन्होंने उद्यमियों को आश्वस्त किया कि नोएडा की भांति ही आगरा का विकास होगा। आज संभावनाएं हैं कि आम उद्यमी भी अडानी−अंबानी की भांति तरक्की कर सकता है।

आईटी सिटी के रूप में विकसित होगा ग्रेटर आगरा-योगेंद्र उपाध्याय

सम्मेलन में प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि ग्रेटर आगरा को आईटी सिटी उद्योग के रूप में विकसित करने की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सैद्धांतिक मंजूरी मिल चुकी है। पेठे का कारोबार लोकल से वोकल और वोकल से ग्लोबल बन चुका है। शहर के 20 एकड़ के जोनल पार्क को गीता गोविंद वाटिका के रूप में विकसित करने की कवायद चल रही है। कोशिश है सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा मिले। नक्षत्रशाला और साइंस पार्क के लिए बजट पास हो चुका है। भूमि आवंटन की तैयारी है।

व्यापारियों और उद्योगों के साथ खड़ा है नगर निगमः मेयर

मेयर हेमलता दिवाकर ने भरोसा दिलाया कि नगर निगम व्यापारियों और उद्योगों के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि उद्योग के लिए प्रयास जारी रखें, साथ ही पर्यावरण का ध्यान रखें। मानसून में अंधाधुंध पौधे रोपित या भेंट करने के स्थान पर गोद दें। व्यापार बढ़ाने के साथ शहर को स्वच्छ बनाने में योगदान दें।

बन रहा नगर वन, आगे आएं उद्यमीः पुरुषाेत्तम खंडेलवाल

विधायक पुरुषाेत्तम खंडेलवाल ने जानकारी दी कि शहर में एक ओर नगर वन बन रहा है तो दूसरी ओर नाइट सफारी के लिए कवायद की जा रही है। शहर के उद्यमी इन योजनाओं में सरकार की मदद के लिए आगे आएं, योजनाएं बनाएं।

प्रदूषण रहित क्लस्टर इकाइयां लगाई जाएं-विजय शिवहरे

विधान परिषद सदस्य विजय शिवहरे ने कहा कि यमुना बैराज और रिवरफ्रंट के साथ ही प्रदूषण रहित क्लस्टर औद्योगिक इकाइयाें की आवश्यकता है। इसके लिए जनता के प्रतिनिधि के रूप में प्रयास किये जा रहे हैं।

पुरातन, वर्तमान और भविष्य पर तीन दिनों तक चिंतन

कॉन्क्लेव में भारतीय उद्योग और व्यापार के पुरातन, वर्तमान और भविष्य पर तीन दिनों तक चिंतन−मंथन किया गया। समारोह के तीसरे दिन मुख्य अतिथि केंद्रीय विदेश एवं संस्कृति राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी, विशिष्ट अतिथि उच्च शिक्षा राज्य मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, मेयर हेमलता दिवाकर, वरिष्ठ उद्यमी डा. रंजना बंसल, डॉ रेनुका डंग, पूनम सचदेवा, आयोजन समिति से पूरन डावर, राजेश गोयल, मनीष अग्रवाल ने दीप प्रज्जवलन किया। आयोजन समिति के अध्यक्ष पूरन डावर ने कहा कि सम्मेलन के माध्यम से उपाय खाेजा गया है कि अब उद्यमी संगठित होकर सरकार के पास समस्या लेकर नहीं बल्कि विकास की प्रस्तावना लेकर जाएंगे।

समन्वय समिति के अध्यक्ष राजेश गोयल ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कहा कि तीन दिन के मंथन से विकास का अमृत अवश्य निकलेगा।

तीसरे दिन के पहले सत्र में वेडिंग एंड एंटरटेन्टमेंट इंडस्ट्री के समस्या, समाधान एवं विकास पर मंथन किया गया। हैदराबाद से आए विनोद जनार्दन और पीवीएम विद्यासागर के साथ मनीष अग्रवाल, संदीप उपाध्याय, मनीष सिंघल ने समस्या और संभावना पर मनन किया। एसपी ट्रैफिक अरुण चंद्र ने शहर में इवेंट्स के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रखने का आश्वासन दिया।

दूसरे सत्र में प्रिंटिंग, पब्लिकेशन एंड पैकेजिंग इंडस्ट्री, मेडिकल इक्युपमेंट, हास्पिटल, ड्रग्स सेक्टर, ब्रश इंडस्ट्री और फर्नीचर मैन्युफेक्चर, वेडिंग एंड इवेंट मैनेजमेंट इंडस्ट्री की संभावनाओं और समस्याओं पर चिंतन हुआ। अरुण जैन, अनुज कुमार, सुनील गोयल, डॉ पंकज नगाइच, डॉ रवि पचौरी ने भी विचार रखे।

महिला उद्यमशीलता पर विशेष सत्र रखा गया। शहर की प्रमुख उद्यमी डॉ रंजना बंसल, डॉ रेनुका डंग और समाजसेवी पूनम सचदेवा ने अपने विचार रखे। तीसरे दिन भी विभिन्न सत्रों के दौरान कई उद्यमियों को सम्मानित किया गया।