आगरा: चिलर प्लांट से 2 लाख रुपये का देशी घी हुआ चोरी, मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुटी

Crime

आगरा। फतेहाबाद के बाह रोड स्थित एक चिलर प्लांट से रविवार रात अज्ञात चोरों ने दीवार फांद कर प्रवेश कर लिया। उसमें रखी 26 टीन देसी घी चुरा कर ले गए। जिसकी कीमत करीब ₹2 लाख बताई जा रही है। घटना की जानकारी सुबह चिलर प्लांट पर काम करने वाले सुपरवाइजर को हुई तो उसने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने डॉग स्क्वायड की मदद से चोरों का पता लगाने का प्रयास किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार फतेहाबाद के बाह रोड पर मधुसूदन चिलर प्लांट है जिसमें बीती रात बाउंड्री वॉल फांद कर चोरों ने प्रवेश कर लिया। अंदर रखे गोदाम का शटर खोलकर उसमें रखी 26 देसी घी की टीन चुरा ले गए। इनकी कीमत करीब 2 लाख बताई जा रही है। घटना की जानकारी सुबह मैनेजर रजत के प्लांट पर पहुंचने पर हुई।

घटना की जानकारी तत्काल फतेहाबाद पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की तथा बाद में डॉग स्क्वायड को मौके पर बुलाया गया। इस मामले में इंस्पेक्टर आलोक कुमार के मुताबिक चोरों के बारे में पता लगाया जा रहा है।