यूपी के नोएडा में जल्‍द देखने को मिलेगा भारत का पहला अनूठा पार्क, जो देगा वेदों की जानकारी

Cover Story

12 एकड़ के क्षेत्र में यह वेद वन बनकर लगभग तैयार है। जल्‍द ही इसका उद्घाटन होने वाला है। यहां पर चार वेदों के आधार पर अलग-अलग जोन बनाए गए हैं। बता दें कि वेद विश्‍व के सबसे प्राचीन साहित्‍य हैं और इन्‍हें भारतीय संस्कृति का आधार माना जाता है।

वेदों की जानकारी ​

हर जोन में उस वेद के बारे में सारी जानकारी दी जाएगी। इतना ही नहीं, हर जोन में उस वेद के हिसाब से जिन जड़ी बूटियों और औषधि का इस्‍तेमाल किया जाता है, उन्हें भी यहां लगाया जाएगा। इस पार्क में सप्तऋषि के नाम से भी जोन तैयार किए जा रहे हैं।

7 ऋषियों के नाम पर तैयार हो रहे जोन

पूरे क्षेत्र को सात सप्तऋषियों के क्षेत्र में विभाजित किया जाएगा। इनमें से हर में एक संत का नाम होगा जैसे कश्यप, भारद्वाज, अत्रि, विश्वामित्र। हर जोन में ऋषियों के जीवन से जुड़ी किसी घटना को स्कल्पचर और आर्ट के जरिए प्रदर्शित किया जाएगा। उदाहरण के तौर पर अगस्त्य के बारे में कहते हैं कि उन्‍होंने अपनी मंत्र शक्ति से समुद्र का पूरा जल पी लिया था। वेद वन में उनके जीवन की इस घटना को दर्शाया जाएगा। इसके लिए यहां पर तालाब बनाया जा रहा है, इसके सामने अगस्त्य ऋषि की कलाकृति लगाई जाएगी। बता दें कि यह ऋषियों को समर्पित प्रदेश का पहला पार्क होगा।

पेड़-पौधों की मिलेगी जानकारी​

पेड़ पौधों का वेदों में काफी महत्‍व है। इनका उपयोग आमतौर पर धार्मिक अनुष्ठान, हवन और यज्ञ में किया जाता है। यहां पेड़ों को ग्रीन हाउस के रूप में लगाया जाएगा। इसमें कल्‍प वृक्ष, बेल, आंवला, अशोक, चंदन, रीठा, केला, पारिजात, मंदार, बरगद, अमलतास, गुगल, अर्जुन, बेर, इमली आदि के पौधे शामिल है।

शाम को चलेगा लेजर शो​

यहां चार वेदों के आकर्षण के साथ कई दीवारें बनाई गई हैं। इन पर प्राचीन भारतीय संतों की मूर्तियां लगाई गई हैं। स्‍थानीय लोगों की शाम को यादगार बनाने के लिए पार्क में हर रोज वॉटर लेजर शो चलाया जाएगा। इसमें 30 मिनट तक वेद और पुराणों की जानकारी दी जाएगी। पार्क में ओपन जिम, एम्फीथिएटर और खान पान के लिए रेस्‍टोंरेट की व्‍यवस्‍था भी होगी।

नि:शुल्क होगा प्रवेश

यह दिल्‍ली एनसीआर का पहला अनोखा पार्क है। यहां पैदल चलने वालों के लिए अलग से ट्रैक किया जा रहा है। अच्‍छी बात है कि इसमें प्रवेश नि:शुल्क रहेगा। सेक्टर-78 में विशाल क्षेत्र में बन रहे वेदवन पर प्राधिकरण 28 करोड़ रुपए खर्च करेगा।

Compiled: up18 News