भारत की रक्षा को मिलेगी इजरायली तकनीक की ताकत: आरआरपी डिफेंस और मैकटेक के बीच बड़ी रणनीतिक साझेदारी

Business

मुंबई: युद्ध के बदलते तौर-तरीकों और तेजी से बढ़ते हवाई व ड्रोन खतरों के बीच भारत की रक्षा तैयारियों को एक नई और अत्याधुनिक तकनीकी मजबूती मिलने जा रही है। आरआरपी ग्रुप की सूचीबद्ध कंपनी आरआरपी डिफेंस लिमिटेड (RRP Defence) ने इजरायल की जानी-मानी टेक्नोलॉजी कंपनी मैकटेक (Machtech) के साथ एक ऐतिहासिक रणनीतिक संयुक्त उद्यम (Strategic Joint Venture) की घोषणा की है। इस महत्वपूर्ण साझेदारी का मुख्य उद्देश्य भारत में अत्याधुनिक एंटी-ड्रोन और काउंटर-यूएएस (C-UAS) तकनीक उपलब्ध कराना है।

​इस संयुक्त उद्यम के तहत वैश्विक स्तर की तकनीकी विशेषज्ञता को भारतीय रक्षा जरूरतों के अनुरूप विकसित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। साथ ही, इसके माध्यम से तकनीकी स्थानीयकरण, स्वदेशी विनिर्माण और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन ‘मेक in इंडिया’ (Make in India) को भी व्यापक बढ़ावा मिलने की प्रबल संभावनाएं हैं।

​दीर्घकालिक रक्षा क्षमताओं का होगा विकास

कंपनियों का मानना है कि यह साझेदारी केवल विदेशी तकनीक को भारत लाने तक ही सीमित नहीं है, बल्कि यह देश के भीतर दीर्घकालिक और आत्मनिर्भर रक्षा क्षमताएं विकसित करने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है। मैकटेक की उन्नत तकनीकी दक्षता और आरआरपी डिफेंस की भारतीय बाजार में मजबूत पकड़ मिलकर रक्षा विनिर्माण क्षेत्र में नए और अभूतपूर्व अवसर पैदा करेगी। यह पहल भारत को तकनीकी रूप से अधिक सक्षम, सुरक्षित और रक्षा मामलों में आत्मनिर्भर बनाने के राष्ट्रीय लक्ष्य को और अधिक गति प्रदान करेगी।

​बढ़ते ड्रोन खतरों से निपटने में होगी मददगार

वर्तमान समय में ड्रोन केवल जासूसी या निगरानी का साधन नहीं रह गए हैं, बल्कि आधुनिक सुरक्षा व्यवस्थाओं और सीमाओं के सामने एक गंभीर चुनौती के रूप में उभर चुके हैं। ऐसे में दुश्मन के ड्रोन्स की सटीक पहचान, उनकी निरंतर निगरानी और समय रहते उन्हें नेस्तनाबूद करने वाली काउंटर-ड्रोन तकनीक का महत्व सामरिक दृष्टि से लगातार बढ़ रहा है। इजरायली तकनीक के भारत आने से भारतीय सुरक्षा बलों को इन आधुनिक चुनौतियों से निपटने में अभूतपूर्व बढ़त मिलने की उम्मीद है।

-अनिल बेदाग