मुंबई: देश के ऊर्जा और कोयला क्षेत्र की महारत्न कंपनी ‘कोल इंडिया लिमिटेड’ की सहायक इकाई महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड (MCL) अपने बहुप्रतीक्षित प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) के साथ प्राथमिक शेयर बाजार में कदम रखने जा रही है। कंपनी का यह आईपीओ 19 नवंबर 2026 से आम और संस्थागत निवेशकों की बोली के लिए आधिकारिक रूप से खुल जाएगा। कंपनी प्रबंधन ने इस सार्वजनिक निर्गम के लिए प्रति शेयर ₹129 से ₹136 का प्राइस बैंड (Price Band) निर्धारित किया है।
निवेशक इस आईपीओ में 19 नवंबर से 23 नवंबर 2026 तक अपनी बोलियाँ लगा सकेंगे। बोली प्रक्रिया के तहत निवेशकों को न्यूनतम 110 शेयरों का एक लॉट और उसके बाद 110 के ही गुणकों (Multiples) में शेयरों के लिए आवेदन करना होगा।
कोल इंडिया करेगी 66.18 करोड़ शेयरों की बिक्री (OFS)
इस आईपीओ के प्रारूप के अनुसार, महानदी कोलफील्ड्स की मूल कंपनी और मुख्य प्रवर्तक कोल इंडिया लिमिटेड ऑफर फॉर सेल (OFS) के माध्यम से 66.18 करोड़ तक के इक्विटी शेयरों की बिक्री पेशकश करेगी। चूंकि यह पूर्णतः एक ओएफएस (Offer For Sale) निर्गम है, इसलिए बिक्री से प्राप्त होने वाली पूरी धनराशि प्रवर्तक कंपनी कोल इंडिया के खाते में जाएगी और एमसीएल (MCL) को इससे सीधे तौर पर कोई नई पूंजी प्राप्त नहीं होगी।
खुदरा और संस्थागत निवेशकों के लिए कोटा तय
कंपनी द्वारा जारी विवरण के अनुसार, शुद्ध निर्गम का अधिकतम 50 प्रतिशत हिस्सा पात्र संस्थागत खरीदारों (QIB) के लिए आरक्षित रखा गया है। वहीं, गैर-संस्थागत निवेशकों (NII) के लिए कम से कम 15 प्रतिशत और व्यक्तिगत खुदरा निवेशकों (Retail Investors) के लिए न्यूनतम 35 प्रतिशत हिस्सा आरक्षित किया गया है।
भारतीय ऊर्जा क्षेत्र और खनन उद्योग में महानदी कोलफील्ड्स के सुदृढ़ वित्तीय प्रदर्शन और कोल इंडिया के मजबूत आधार को देखते हुए बाजार विश्लेषक इस आईपीओ को लेकर निवेशकों में भारी उत्साह की उम्मीद जता रहे हैं।
-अनिल बेदाग/up18news


