आगरा में लगातार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, स्कूल दो दिन का अवकाश

स्थानीय समाचार

शास्त्रीपुरम में सड़कें रात में भी लबालब, शहर की कई कालोनियां जलमग्न
देहात में अनेक हादसों में हुई जनहानि, खेतों में फसलें बर्बाद
प्रदेश के कई इलाकों में और बारिश की संभावना बरकरार

आगरा। जिले में शनिवार रात से हो रही लगातार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। शहर में कई कालोनियों में पानी भर गया है। शहर की सबसे बड़ी कालोनी शास्त्रीपुरम की सड़कों पर शनिवार की देर रात भरा पानी रविवार की रात तक भी नहीं उतर पाया।

सड़कें लबालब भरी हुई हैं। लोग घरों में कैद हैं। देहात में मकान की छत गिरने से महिला की मौत हो गई। खेतों में पानी भरने से फसलें चौपट हो गई हैं। मौसम की गड़बड़ी के बीच ही कई स्थानों पर दुर्घटनाएं भी हुई।

किरावली तहसील क्षेत्र में अलग-अलग रोड एक्सीडेंट में तीन लोगों की मौत हो गई। आगरा-दिल्ली हाईवे पर रुनकता के पास पानी भरने से वाहन फंस गए हैं। यहां शाम के समय भारी यातायात जाम भी बना रहा। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए जिले के नर्सरी से लेकर 12वीं कक्षा तक स्कूलों में 10 व 11 अक्टूबर को दो दिन का अवकाश घोषित कर दिया गया है।

शनिवार रात से हो रही बारिश से शास्त्रीपुरम, एमजी रोड, सोहल्ला, कालिंदी विहार, बाग फरजाना, नाऊ की सराय जैसी तमाम कालोनियों में जल भराव हो गया।

सिकन्दरा से बाईंपुर जाने वाले मार्ग पर भी नारकीय हालात बन गए हैं। मौसम विभाग ने 11 अक्टूबर तक तेज बारिश होने की संभावना जताई है। शिक्षक संगठनों ने बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर स्कूलों में छुट्टी के लिए जिलाधिकारी से मांग की थी। मौसम को देखते हुए डीआईओएस ने 10 व 11 को अक्टूबर को नर्सरी से 12वीं तक सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी किया है। इस अवधि में शिक्षकों द्वारा प्रशिक्षण सहित अन्य विभागीय कार्य का संपादन किया जाएगा।

मौसम विभाग ने किया अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने प्रदेश के कई इलाकों में बारिश की संभावना जताई है। विभाग ने फिरोजाबाद, एटा, अलीगढ़, बदायूं, बरेली, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, मैनपुरी, शाहजहांपुर जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। अलीगढ़ से बरेली के बीच जोरदार वर्षा हो सकती है। सीतापुर, प्रयागराज, इटावा, आगरा जैसे इलाकों में भी हल्की बारिश की संभावना है। दिल्ली और आसपास के इलाकों में दो दिन से लगातार वर्षा हो रही है। एनसीआर में उत्तर प्रदेश का नोएडा भी बारिश से सराबोर है।

किरावली तहसील क्षेत्र में बाईपास स्थित बीयर बार के पास हाईवे पर सड़क किनारे बैठे एक व्यक्ति को कैंटर ने अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त जहीर उम्र 42 वर्ष के रूप में हुई। रायभा न्यू दक्षिण बाईपास पर शनिवार रात्रि करीब 2:30 बजे तेजाब से भरा टैंकर पलट गया जिस में फंसे ट्रक ड्राइवर व कंडक्टर रात भर उसी में फंसे रहे जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। दूसरा व्यक्ति बुरी तरह घायल हो गया। इधर शुक्रवार को किरावली गल्ला मंडी में ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आई महिला स्टेट बैंक कॉलोनी मस्जिद निवासी शकीला पत्नी शमशेर की उपचार के दौरान मौत हो गई।

तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश से बाजरा, धान और सब्जी समेत अन्य फसलें बर्बाद हो गई हैं। खेतों में गिरी बाजरे की फसल तो सड़ने लगी हैं। वहीं सरसों के खेतों में पानी भर गया है। इससे किसानों की मेहनत और लागत पर फिर पानी पड़ गया है। बाह, पिनाहट, फतेहपुरी सीकरी और बिचपुरी में काफी नुकसान हुआ है।

-एजेंसी