आगरा के नटवरलाल ने जापान की महिला पर्यटक से ठगे 23 लाख, तीन साल बाद हुआ गिरफ्तार

Crime

आगरा। ताजमहल देखने आई जापान की महिला पर्यटक को तीन वर्ष पहले लपके ने आभूषण व्यवसाय में साझीदार बनाने का झांसा देकर पर्यटक से 23 लाख रुपये ठग लिए। कोरोना संक्रमण के कारण पहले पर्यटक शिकायत नहीं कर सकी। बाद में उसने पुलिस के चक्कर लगाये तो पुलिस ने आज रविवार को आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

जापान के क्योटो शहर की रहने वाली 56 वर्षीय मैरी मरुयामा पहली बार छह मार्च, 2019 को भारत आई थीं। दिल्ली से पुष्कर होकर वे आगरा आईं। कार चालक होटल का रास्ता भटक गया था। उसने ताजगंज क्षेत्र में असद गली के रहने वाले अली हुसैन से होटल का पता पूछा। उसने लोकेशन बता दी। इसके बाद वे होटल में चले गए। अगले दिन अली हुसैन चचेरे भाई के साथ होटल आ गया। सोने के आभूषण के व्यवसाय में लाभ कराने का झांसा देकर उन्हें जाल में फंसा लिया।

पर्यटक का आरोप है कि हुसैन ने पहले आगरा में एक आभूषण की दुकान से खरीदारी कराई। उन्होंने क्रेडिट कार्ड से भुगतान किया। एटीएम से कैश भी निकाला। इसके बाद वह मुंबई ले गया। वहां भी इसी तरह से किया। कस्टम विभाग से सभी प्रक्रिया पूरी होने के बाद आभूषण भेजने का आश्वासन दे दिया। मार्च, 2019 से 18 जुलाई, 2019 तक तकरीबन 23 लाख रुपये का भुगतान करा लिया। दो बार और भारत बुलाया। मगर, आभूषण नहीं भेजे। इस बारे में पूछने पर टालमटोल करने लगा।

मैरी मरुयामा ने विगत जनवरी माह में पर्यटन थाने में शिकायत की। पुलिस ने जांच के बाद अभियोग लिख लिया। पर्यटन थाना प्रभारी जय सिंह परिहार ने बताया कि आरोपी अली हुसैन के खिलाफ धोखाधड़ी, चौथ मांगने और अमानत में खयानत का मुकदमा दर्ज था।शिल्पग्राम के पास से उसे पकड़ लिया गया और न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया।

इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपी फर्राटेदार अंग्रेजी बोल लेता है। वह अंग्रेजी बोलकर ताजमहल आने वाले पर्यटकों को जाल में फंसाता था। इसी तरह जापान की पर्यटक को ठगा था। उसका एक्सिस बैंक में खाता है। पुलिस ने उसे चेक किया तो उसमें रकम नहीं मिली।

-एजेंसी