यूपी: बरेली में पुलिस थाने के समीप बाइक पर जा रहे युवक की गोली मार कर हत्या, सटोरियों की कर रहा था शिकायत

Crime

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में पुलिस थाने के समीप बाइक पर जा रहे युवक अजय वाल्मीकि (23) की शनिवार रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात प्रेमनगर थाने के पास हुई। थाने से निकले सिपाहियों ने एक आरोपी विनय को पकड़ लिया। दो आरोपी तन्नू और लाले फरार हो गए। पुलिस दोनों की तलाश में जुटी है।

मां ने कहा कि 11 जुलाई को चार लोगों ने घर में घुसकर धमकी दी थी। कहा था अवैध सट्टे की शिकायत वापस नहीं ली तो हत्या कर देंगे। उस समय मेरा बेटा घर पर नहीं मिला था। वह धमकी देकर चले गए थे। इसके बाद बेटे ने सुबह थाने में पुलिस से शिकायत कर जान से खतरा बताया था। इसके बाद ही रात में ही बदमाशों ने हत्या कर दी।

अजय वाल्मीकि नई बस्ती नरकुलागंज का रहने वाला था। वह दोस्त लकी के साथ बाइक से डीडीपुरम की ओर जा रहा था। मॉडल टाउन रोड पर गोली मारे जाने के बाद उसे जिला अस्पताल लाया गया। यहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। शहर के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई।

मृतक के चाचा बल्ले ने बताया कि अजय हत्यारोपियों के के खिलाफ सट्टे की शिकायत कर रहा था। इसलिए हत्या की गई। पुलिस के मुताबिक, दूसरे पक्ष ने दो महीने पहले अजय और लकी पर चेन स्नेचिंग की रिपोर्ट कराई थी। एक महीने पहले दोनों जमानत पर छूटे थे। तभी से दोनों पक्षों में रंजिश थी।

बरेली एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने बताया कि मौके से एक हत्यारोपी विनय कुमार को गंगापुर नाग पंचमी मैदान से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के पास से एक तमंचा भी बरामद हुआ है। फरार दो बदमाशों की तलाश की जा रही है। हिस्ट्रीशीटर के खिलाफ प्रेमनगर और दूसरे थानों में 12 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। प्रेम नगर थाने का हिस्ट्रीशीटर था। वह पहले सट्टे के मामले में ही जेल गया था। 25 दिन पहले ही जेल से छूटकर आया था।

बरेली के प्रेमनगर थाने के पास हुई हिस्ट्रीशीटर अजय की हत्या का चश्मदीद दोस्त लकी ने बताया कि हमलावरों ने उसे भी निशाना बनाया था पर किस्मत से वह बच गया। लकी ने बताया कि दोनों डीडीपुरम में एक दोस्त से मिलने जा रहे थे। बाइक अजय ही चला रहा था, वह पीछे बैठा था।

थाने के पास से गुजरते वक्त उनकी बाइक के पीछे दूसरी बाइक आई। उसने देखा कि बाइक पर गंगापुर निवासी जगमोहन उर्फ तन्नू, लाले और विनय सवार थे। उन्होंने बाइक सटाकर अजय के कान के पास गोली मार दी। इससे अजय चीखते हुए गिरा तो बाइक भी असंतुलित हो गई। वह भी गिर पड़ा।