आगरा: दुकान के विवाद में दो पक्षों में जमकर मारपीट और पथराव, आधा दर्जन घायल

Crime

आगरा: सोमवार को बसई अरेला थाना क्षेत्र के कस्बा स्याहीपुरा में एक दुकान के विवाद को लेकर दो पक्ष अपने सामने आ गए। जमकर लाठी-डंडे चले और पथराव हुआ। दुकान में तोड़फोड़ भी की गयी जिससें बाजार में भगदड़ मच गई। घटना में पूर्व जिला पंचायत सदस्य समेत दोनों पक्षों के छह लोग घायल हुए हैं। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिनाहट में भर्ती कराया गया है।

ये है मामला

जानकारी के मुताबिक गांव जवाहरपुरा निवासी मोहर सिंह ने कस्बा स्याहीपुरा के चौराहे पर किराये पर दुकान ले रखी है। वह करीब 25 वर्षों से मिठाई की दुकान चला रहे हैं। यह दुकान सुताहरी निवासी पूर्व जिला पंचायत सदस्य रामसेवक मल्ल ने खरीद ली है। कुछ दिनों पहले उन्होंने दुकान मालिक से बैनामा करा लिया। दुकान खाली कराने को लेकर मोहर सिंह से विवाद हो गया।

पंचायत शुरू होने से पहले हुई मारपीट

दुकान के विवाद को लेकर सोमवार की सुबह पंचायत बुलाई गई जिसमें दोनों पक्षों के लोग पहुंचे। पंचायत शुरू होने से पहले ही दोनों पक्ष के लोगों में गाली-गलौज शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे। ईंट-पत्थर फेंके गए। दुकान में भी तोड़फोड़ हुई। उसमें रखा सामान बाहर फेंक दिया गया। बवाल होने से बाजार में दहशत फैल गई। दुकानें बंद हो गईं।

पुलिस ने घायलों को भेजा सीएचसी

सूचना पर थाना पुलिस पहुंच गई। तब तक कुछ आरोपी भाग गए। वहीं घटना में पूर्व जिला पंचायत सदस्य रामसेवक, उनके पक्ष के गजेंद्र, कृष्णा मुरारी और विवेक घायल हो गए। दूसरे पक्ष से मोहर सिंह और प्रदीप घायल हुए हैं। पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिनाहट में भर्ती कराया है। घटना में शामिल अन्य लोगों के बारे में पुलिस जानकारी जुटा रही है।

रिपोर्टर- नीरज परिहार