महाधिवेशन में खड़गे ने कहा, कांग्रेस के भविष्य का मजबूत आधार बनेंगे हमारे फैसले

Politics

बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे ने कहा, हम जो फैसले लेंगे वो कन्याकुमारी से कश्मीर तक हमारी पार्टी के भविष्य का एक मजबूत आधार बनेंगे। सभी की सक्रिय और रचनात्मक भागीदारी से ये महाधिवेशन देश में बदलाव का प्रेरक होगा और कांग्रेस के इतिहास में याद रखा जाएगा। बैठक में अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खंड्गे, सीजी के सीएम भूपेश बघेल, राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत, पवन बंसल, के सी वेणुगोपाल ,दिग्विजय सिंह, सलमान खुर्शीद, अजय माकन, हरीश रावत, जयराम रमेश, सहित अन्य कांग्रेस के नेता शामिल हुए।

खड़गे ने कहा कि ये अधिवेशन इस लिहाज से खास है कि आज से करीब 100 साल पहले 1924 में महात्मा गांधी भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष चुने गए थे। तब यह महाधिवेशन मेरे गृह राज्य कनार्टक में बेलगांव में हुआ था। उन्होंने कम समय में कांग्रेस को गरीब कमजोर तबकों, गांव देहात और नौजवानों को एक साथ जोड़कर एक आंदोलन बना दिया था। 100 साल बाद उसी संकल्प की जरूरत है। ये उनके प्रति हमारी सबसे बड़ी श्रद्धांजलि होगी।

महाधिवेशन के अंतिम दिन 26 फरवरी को देशभर के तमाम दिग्गज नेता राजधानी में एक बड़ी आमसभा को संबोधित करेंगे। यहां आमसभा एकता का संदेश देने के साथ-साथ छत्तीसगढ़ में दोबारा जीत का संकल्प दोहराएगी। इस आमसभा में दो लाख से अधिक लोगों को लाने का लक्ष्य रखा गया है। वही महाधिवेशन में छह प्रमुख बिंदुओं पर चर्चा होगी।

संविधान में होगा बदलाव

महाधिवेशन में कांग्रेस अपने संविधान में भी बदलाव करेगी। इसके लिए एक अलग से समिति बनाई गई है। संकेत मिले हैं कि यह समिति महिलाओं और युवाओं को संगठन में ज्यादा से ज्यादा प्रतिनिधित्व देने के लिए अपने सुझाव देगी।

इन छह विषयों पर होगी चर्चा

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने बताया कि अधिवेशन में छह प्रमुख विषयों पर चर्चा होगी। इसके तहत 25 फरवरी को राजनीतिक, आर्थिक और अंतरराष्ट्रीय प्रस्ताव पर चर्चा होगी। इसके दूसरे दिन 26 फरवरी को कृषि व किसान कल्याण, युवा, रोजगार व शिक्षा और सामाजिक न्याय विषय पर चर्चा होगी।

Compiled: up18 News