कन्नौज। उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले के छिबरामऊ क्षेत्र से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली और जघन्य वारदात सामने आई है। चरित्र और अवैध संबंधों के शक में एक पति ने हैवानियत की तमाम हदें पार करते हुए अपनी ही पत्नी को घर के अंदर कुर्सी से कसकर बांध दिया और उस पर पेट्रोल छिड़ककर जिंदा जला दिया। इस दर्दनाक और भयानक कांड में महिला की मौके पर ही तड़प-तड़पकर मौत हो गई। यह सनसनीखेज घटना छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सिकंदरपुर चौकी के ग्राम जगतपुर की है। वारदात के बाद इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है, वहीं पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भाग रहे आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त विवरण के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब सात बजे आरोपी पति सुखबीर सिंह उर्फ मोनू ने घरेलू कलह के बीच अपनी पत्नी को घर के भीतर कमरे में ले जाकर एक कुर्सी से मजबूती से बांध दिया। इसके बाद उसने उस पर पेट्रोल छिड़का और आग लगा दी। देखते ही देखते महिला का पूरा शरीर लपटों में घिर गया। महिला की हृदयविदारक चीखें और घर से उठती आग की ऊंची लपटें सुनकर आसपास के ग्रामीण व पड़ोसी बदहवास होकर मौके पर दौड़े। हालांकि, आग का विकराल रूप देखकर और कमरे के भीतर गैस सिलेंडर रखा होने के कारण सिलेंडर फटने के खौफ से लोग बेबस नजर आए, जिससे तड़प रही महिला को बचाया नहीं जा सका।
सूचना मिलते ही सिकंदरपुर चौकी प्रभारी गजेंद्र पाल सिंह, छिबरामऊ कोतवाली प्रभारी कपिल दुबे और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। अग्निशमन दल ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक महिला का शरीर पूरी तरह जल चुका था।
2 दिनों से घर में चल रहा था कलह; चाचा और भतीजे का बड़ा खुलासा
घटना के संबंध में आरोपी के चाचा और भतीजे राहुल सिंह ने बताया कि पति सुखबीर को लगातार शक था कि उसकी पत्नी का गांव के ही एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा है। परिजनों व स्थानीय सूत्रों का कहना है कि आरोपी के बार-बार समझाने और मना करने के बावजूद पत्नी प्रेमी के साथ जाने की जिद पर अड़ी हुई थी। इसी बात को लेकर पिछले दो दिनों से घर में तीखा झगड़ा और तनाव चल रहा था। इसी आक्रोश में आकर पति ने इस खौफनाक हत्याकांड को अंजाम दे डाला। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने छोटे बच्चों को साथ लेकर गांव से फरार होने की कोशिश में था, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
आरोपी पति गिरफ्तार, विधिक कार्रवाई जारी— एसपी विनोद कुमार
कन्नौज के पुलिस अधीक्षक (SP) विनोद कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस बल और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मृतका के शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी पति सुखबीर सिंह उर्फ मोनू को हिरासत में ले लिया गया है। मृतका की मां और परिजनों द्वारा दी गई लिखित तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

