इंदौर में बीएससी का पेपर बिगड़ने से तनाव में आयी छात्रा ने की आत्महत्या, लिखा-सॉरी पापा,”आपकी बेटी बहुत स्ट्रांग थी पर यहां हार गई”

Crime

मध्यप्रदेश में इंदौर में बीएससी की छात्रा ने फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली। छात्रा ने तीन लाइन का सुसाइड नोट लिखा है। जिसमें उसने पिता से माफी मांगी है। लिखा कि ”आपकी बेटी बहुत स्ट्रांग थी। पर यहां हार गई”। पुलिस को शक है आत्महत्या पढ़ाई के दबाव में की है।

इंदौर एसीपी दीशेष अग्रवाल के मुताबिक मूलत: मनावर(धार) निवासी 21 वर्षीय हर्षिता विनोद शिंदे संतनगर में किराये से रहती थी। वह एक्रोपालिस कॉलेज से बीएससी (माइक्रो बायोलाजी) की पढ़ाई कर रही थी।

फोन बंद आने पर स्वजन ने इंदौर में रहने वाले रिश्तेदार को देखने भेजा था। हर्षिता ने बाहर का दरवाजा बंद कर रखा था। काफी कोशिश के बाद भी दरवाजा न खुला तो ताला तोड़ा। हर्षिता फांसी लगा कर कर जान दे चुकी थी। एसीपी के मुताबिक रुम से एक सुसाइड नोट मिला है।

उसमें लिखा की डियर पापा आइएम सारी, आइ नो आपकी बेटी बहुत स्ट्रांग है, पर यहां आपकी बेटी हार गई पापा। स्वजन ने इंदौर पुलिस को बताया हर्षिता का एक पेपर बिगड़ गया था। इस कारण वह अवसाद में थी। उसने पहले भी आत्महत्या की कोशिश की है।

हर्षिता के चचेरे भाई विनोद ने बताया कि उसने अपनी मां संगीता से मोबाइल पर मंगलवार सुबह बात की थी। उसने बताया था कि सोमवार को उसका जो केमिस्ट्री का पेपर था। वह बिगड़ गया। इससे वह बहुत परेशान है। संगीता ने उसे समझाया भी था।

हर्षिता के साथ उसका छोटा भाई गौरव भी इंदौर में रहता था। गौरव लॉ की पढ़ाई कर रहा है। वह पांच दिन पहले ही अपने माता-पिता के पास सिंघाना गया था। गौरव ने मंगलवार दोपहर को बात करने के लिए बहन को कॉल किया, लेकिन उसने फोन रिसीव नहीं किया। इसके बाद उसने इंदौर में रहने वाले चचेरे भाई विनोद को कॉल किया।

विनोद शाम करीब पांच बजे हर्षिता के कमरे पर पहुंचा और दरवाजा खोलने के लिए आवाज लगाई, लेकिन उसने गेट नहीं खोला। बाद में गेट तोड़ा तो वह फंदे पर लटकी थी। इसके बाद शाम पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद मर्ग कायम कर पंचनामा बनाने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। बुधवार सुबह हर्षिता का पोस्टमॉर्टम होने के बाद शव परिजन को सौंपा गया।