आगरा: खेरागढ़ में दबंगों ने महिला को निर्वस्त्र कर पीटा, वीडियो वायरल, मामला दर्ज

Crime

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा किया दर्ज

खेरागढ़। जनपद के थाना खेरागढ़ क्षेत्र में युवकों की दबंगई का शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। कुछ दिन पहले का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमे दो युवक एक महिला को निर्वस्त्र कर पिटाई कर रहे हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। गिरफ्तारी के लिए टीम लगाई गई है।

मामला थाना खेरागढ़ क्षेत्र का बताया गया है। कुछ दिनों पुराना एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इस वीडियो में युवकों ने एक महिला के कपड़े फाड़ दिए। इस दौरान उसके साथ मारपीट भी की गई। इतना ही नहीं आरोपियों ने महिला का पिटाई करते हुए वीडियो भी बनाया, जो वायरल हो गया।

इस मामले में महिला के पति ने तहरीर दी है। पुलिस ने आरोपी सुरेंद्र और बिज्जो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीड़ित के मुताबिक घटना के समय महिला घर में अकेली थी। पति किसी काम से आगरा गया हुआ था। इसी दौरान आरोपी घर में घुस आए। इन लोगों ने पहुंचते ही महिला के कपड़े फाड़ दिए। विरोध करने पर पिटाई की और इसका वीडियो भी बना लिया।