आईएएस नेहा जैन का विवादों से है पुराना नाता, कानपुर अग्निकांड में भी नाम आ रहा है सामने

Regional

कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात जिले के रूरा थाना क्षेत्र के चाहला गांव में 14 जनवरी को बड़ी हृदय विदारक घटी। यहां मौत का बुलडोजर गरजा। कृष्ण गोपाल दीक्षित के यहां प्रशासन की टीम अतिक्रमण हटाने गई थी। कृष्ण गोपाल की झोपड़ी पर प्रशासन ने बुलडोजर चलवा दिया। झोपड़ी का छप्पर गिराते ही उसमें आग लग गई। अंदर मौजूद कृष्ण गोपाल की पत्नी प्रमिला और 23 वर्षीय बेटी नेहा आग से जिंदा जल गई और कृष्ण गोपाल भी गंभीर रूप से झुलस गए थे। इस अग्निकांड में कई अधिकारियों पर हंटर चला है।वहीं इस अग्निकांड में कलेक्टर नेहा जैन के आदेश पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। इस अग्निकांड में नेहा जैन का भी नाम आ रहा है।

आपको बता दें कि कानपुर देहात कलेक्टर नेहा जैन
2014 बैच की आईएएस अफसर हैं। ट्रेनिंग के दौरान मई 2015 से अक्टूबर 2016 तक वह आगरा में तैनात रही थीं।

अक्टूबर 2016 से अप्रैल 2018 तक लखनऊ में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के पद पर रहीं। अप्रैल 2018 से दिसंबर 2020 तक फिरोजाबाद की सीडीओ रहीं। दिसंबर 2020 में नेहा जैन यूपी औद्योगिक विकास प्राधिकरण कानपुर में एसीईओ बनीं। 14 अप्रैल 2022 से नेहा जैन कानपुर देहात की कलेक्टर हैं।

आईएएस नेहा जैन का विवादों से है पुराना नाता

12 दिसंबर को पुलिस हिरासत में मौत का शिकार हुए व्यापारी बलवंत के मामले में भारतीय जनता पार्टी के सांसद देवेंद्र सिंह भोले ने कलेक्टर नेहा जैन से कड़ी नाराजगी जताई थी। नेहा जैन की प्रशासिनक व्यवस्था पर सार्वजनिक रूप से भाजपा सांसद ने सवाल उठाए थे। नेहा जैन पर भाजपा सांसद ने आरोप लगाया था कि व्यवस्था पर उनका नियंत्रण नहीं है। इसके बाद कानपुर देहात महोत्सव में लगाई गई होर्डिंग में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की फोटो न लगाने को लेकर नेहा जैन पर सवाल उठाए गए थे। राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने इस पर नेहा जैन को कठघरे में खड़ा किया था।

कानपुर देहात महोत्सव के आखिरी दिन कलेक्टर नेहा जैन ने मंच पर कैलाश खेर के गाने पर डांस किया था। नेहा जैन का यह वीडियो जमकर वायरल हुआ था।तब भी नेहा जैन का नाम चर्चा में रहा था।

-एजेंसी