आगरा। भारत में पहली बार आयोजित की जा रही प्रथम आरएबीएसएआई ओपन नेशनल हंटर फील्ड टारगेट (एचएफटी) शूटिंग चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ शुक्रवार को आगरा पब्लिक स्कूल, अरतौनी में हुआ। यह दो दिवसीय राष्ट्रीय प्रतियोगिता देश में शूटिंग खेल के एक नए अध्याय की शुरुआत मानी जा रही है। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में खेल भावना, अनुशासन, एकाग्रता और सुरक्षित शूटिंग खेलों के प्रति रुचि विकसित करना है।
इस ऐतिहासिक आयोजन का संचालन रिमफायर एंड एयर राइफल्स बेंचरेस्ट शूटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया ट्रस्ट (आरएबीएसएआई) द्वारा किया जा रहा है। आरएबीएसएआई भारत की एकमात्र अधिकृत एवं मान्यता प्राप्त एचएफटी शूटिंग संस्था है, जो वर्ल्ड हंटर फील्ड टारगेट ऑर्गेनाइजेशन (डब्लूएचएफटीओ) से संबद्ध है।
आरएबीएसएआई के चेयरमैन रजत विज और अध्यक्ष हिना विज ने बताया कि भारत में पहली बार इस स्तर की हंटर फील्ड टारगेट प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, केरल, पंजाब, कर्नाटक, दिल्ली और हरियाणा सहित विभिन्न राज्यों के 75 निशानेबाज अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि निशानेबाज को लक्ष्य की वास्तविक दूरी पहले से ज्ञात नहीं होती। प्रतियोगी को परिस्थितियों का आकलन करते हुए अपने अनुभव, एकाग्रता और तकनीकी कौशल के आधार पर लक्ष्य भेदना होता है। खिलाड़ी लेटकर, घुटनों के बल अथवा खड़े होकर बिना किसी सहारे के निशाना लगाते हैं। इस प्रतियोगिता में .177 कैलिबर एयर राइफल का उपयोग किया जाता है। यही चुनौती इस खेल को रोमांचक और अत्यंत कौशलपूर्ण बनाती है।
उन्होंने बताया कि हंटर फील्ड टारगेट (एचएफटी) यूरोप के सबसे लोकप्रिय शूटिंग खेलों में से एक है और अब इसका विस्तार भारत में भी तेजी से किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता के माध्यम से भारतीय खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रतियोगिता में वर्ल्ड हंटर फील्ड टारगेट ऑर्गेनाइजेशन (डब्लूएचएफटीओ) के अध्यक्ष जैकब विचर (चेक गणराज्य) विशेष रूप से उपस्थित हैं। वे प्रतियोगिता में रेंज ऑफिसर की महत्वपूर्ण भूमिका भी निभा रहे हैं तथा अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप प्रतियोगिता का संचालन सुनिश्चित कर रहे हैं।
प्रतियोगिता का शुभारंभ आगरा पब्लिक स्कूल ग्रुप के अध्यक्ष महेश चंद्र शर्मा ने किया। इस अवसर पर कैसर स्पोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड की ओर से भवतेज सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में जेएसबी मैच डायबोलो (चेक गणराज्य) आधिकारिक पैलेट पार्टनर तथा कैसर स्पोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड आधिकारिक उपकरण सहयोगी के रूप में जुड़े हैं।
उद्घाटन सत्र के बाद खिलाड़ियों ने पूरे दिन अभ्यास किया और विभिन्न दूरी एवं परिस्थितियों में लक्ष्य भेदन का अभ्यास कर अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दिया। प्रतियोगिता के फील्ड मास्टर मधुकर यादव तथा वालंटियर पीयूष यादव सहित आयोजन टीम ने प्रतियोगिता की व्यवस्थाओं का संचालन किया।
आयोजकों ने बताया कि शनिवार को पूरे दिन विभिन्न मुकाबले आयोजित होंगे, जिसके बाद उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले निशानेबाजों को स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदकों से सम्मानित किया जाएगा।


