मैनपुरी के भोगांव में भीषण सड़क हादसा, ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को मारी टक्कर, 4 महिलाओं की मौत 24 लोग घायल

Regional

नामकरण संस्कार से लौट रहे थे सभी

कन्नौज के थाना छिबरामऊ क्षेत्र में स्थित गांव कुंवरपुर निवासी वीरेंद्र सिंह की पुत्री की थाना बिछवां के गांव बेलधारा में शादी हुई है। उनकी पुत्री ने 10 दिन पहले  पुत्र को जन्म दिया था। शुक्रवार को उसका नामकरण संस्कार था। वीरेंद्र सिंह अपने परिवारीजनों के साथ ट्रैक्टर ट्रॉली से गांव बेलधारा गए थे। शनिवार सुबह करीब साढ़े चार बजे सभी लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली में बैठकर वापस घर लौट रहे थे। भोगांव क्षेत्र में द्वारकापुर के पास ट्रैक्टर की लाइट खराब हो गई।

इस तरह हुआ हादसा

चालक ने ट्रैक्टर को सड़क किनारे खड़ा कर दिया और लाइट की मरम्मत करने लगा। तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने ट्रॉली में टक्कर मार दी, जिससे ट्रॉली पलट गई। ट्रॉली में बैठी फूलमती पत्नी अवधेश, रमाकांति पत्नी दफेदार, संजय देवी पत्नी राजेश की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 25 लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां द्रोपदी देवी पत्नी विशुन दयाल ने भी दम तोड़ दिया। सभी मृतक और घायल गांव कुंवरपुर छिबरामऊ के निवासी हैं।

-एजेंसी