108 रुद्राभिषेक के संकल्प के साथ श्री खाटू श्याम मंदिर में सावन महोत्सव की धूम, बाबा श्याम और महादेव के दिव्य श्रृंगार ने भक्तों को किया मंत्रमुग्ध

विविध

108 रुद्राभिषेक के संकल्प के साथ श्री खाटू श्याम मंदिर में सावन महोत्सव जारी

आगरा। सावन मास की पावन बेला में श्री खाटू श्याम जी मंदिर, जीवनी मंडी में आयोजित सावन विशेष महा रुद्राभिषेक महोत्सव श्रद्धा, आस्था और भक्ति के साथ निरंतर जारी है। भगवान शिव की आराधना और बाबा श्याम की अनुपम छटा से मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो उठा है। रविवार को श्रद्धालु रवि शंकर अग्रवाल एवं उषा अग्रवाल ने वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य विधि-विधान से भगवान शिव का महा रुद्राभिषेक किया।

मंदिर परिसर स्थित शिवालय में पांच विद्वान ब्राह्मणों ने वैदिक रीति से रुद्राभिषेक संपन्न कराया। मंदिर समिति के अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि प्रत्येक वर्ष सावन मास में 108 महा रुद्राभिषेक कराने का संकल्प लिया जाता है। इसी परंपरा के अंतर्गत इस वर्ष भी महोत्सव का शुभारंभ हो चुका है और प्रतिदिन चार यजमान भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक कर पुण्य लाभ प्राप्त कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि सावन मास भगवान शिव की उपासना का सबसे पवित्र समय माना जाता है। इस माह में श्रद्धा और भक्ति से किया गया रुद्राभिषेक भक्तों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार करता है। मंदिर में प्रतिदिन गूंजते रुद्र मंत्र और शिव स्तुति का दिव्य वातावरण श्रद्धालुओं को शिवमय अनुभूति करा रहा है।

सावन महोत्सव के अंतर्गत प्रतिदिन बाबा खाटू श्याम का भव्य एवं दिव्य श्रृंगार भी किया जा रहा है। रविवार को बाबा श्याम ने स्वर्ण मुकुट एवं आकर्षक आभूषण धारण कर गुलाबी पुष्पों के मध्य अलौकिक दर्शन दिए। वहीं शिवालय में भगवान महादेव का विशेष पुष्प श्रृंगार किया गया तथा संपूर्ण मंदिर परिसर में मनोहारी फूल बंगला सजाया गया, जिसने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि सावन मास की पूर्णिमा पर महा आरती, महा अभिषेक एवं प्रसादी वितरण का विशेष आयोजन होगा। इस अवसर के लिए मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को दिव्य आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव हो सके।

महोत्सव की व्यवस्था हेमेंद्र अग्रवाल, संजय अग्रवाल, विकास गोयल, विपिन बंसल, अमित गोयल आदि संभाल रहे हैं।