यूपी के आगरा में भीषण सड़क हादसा, ऑटो रिक्शा में पीछे से ट्रक ने मारी टक्कर, पांच की मौत

Regional

आगरा: थाना सिकंदरा क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुद्वारा गुरु का ताल के निकट आज शनिवार की दोपहर भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो जाने की सूचना है। यहां एक ट्रक ने ऑटो रिक्शा को टक्कर मार दी। इस हादसे में ऑटो सवार पांच लोगों की मौत की सूचना है। मौके पर थाना सिकंदरा पुलिस पहुंच गई है।

बताया जा रहा है कि ऑटो रिक्शा सवारियां लेकर भगवान टॉकीज की तरफ जा रहा था। गुरुद्वारा गुरु का ताल कट पर ट्रक ने पीछे से ऑटो को टक्कर मार दी। इससे ऑटो बुरी तरह कुचल गया। पुलिस ऑटो में फंसे शवों को बाहर निकालने का प्रयास कर रही है। ऑटो आगे खड़े ट्रक और पीछे से आकर टक्कर मारने वाले ट्रक के बीच फंस गया। दुर्घटना को देख वहां माैजूद लोग कांप उठे।

दुर्घटना दोपहर करीब सवा तीन बजे की है। सिकंदरा हाईवे स्थित गुरुद्वारा गुरु का ताल कट पर भगवान टाकीज चौराहे की ओर से आने वाला यातायात रुका हुआ था। सिकंदरा रेलवे ओवर ब्रिज और गुरुद्वारा से आने वाले वाहन हाईवे क्रास कर रहे थे। इसी दौरान ट्रांसपोर्ट नगर चौराहे की ओर से आते तेज रफ्तार राजस्थान नंबर के ट्रक ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। ऑटो आगे खड़े ट्रक में फंस गया। सवारियों को चीखने का भी मौका नहीं मिल सका। वह दोनों ट्रकों के बीच बुरी तरह से फंस गईं।

दुर्घटना के बाद चालक ट्रक छोड़ कर भाग गया। हाईवे पर मौजूद राहगीरों ने सवारियों के शवों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू कर दिया। भीषण दुर्घटना में मरने वालों की संख्या पांच बताई गई है। हालांकि अभी पुलिस ने मृतक संख्या की पुष्टि नहीं की है। एक महिला का नाम मोनिका सामने आ रहा है। सभी मरने वालाें की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। ऑटो सिकदंरा तिराहे की ओर जा रहा था। इससे अनुमान है कि सवारियां सिकंदरा और उसके आसपास की होंगी।

Compiled: up18 News

विस्तृत विवरण की प्रतीक्षा है।