मेधा का सम्मान, शिक्षा का अभिमान: आगरा में 11 होनहार छात्राओं को मिला विशेष सम्मान, शिक्षा के प्रति जगाई अलख

विविध

श्री नारायण बाला शिक्षा सहायता समिति का आठवां सम्मान समारोह चंद्रावती गर्ल्स इंटर कॉलेज में संपन्न, बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने का लिया संकल्प

आगरा। प्रतिभा जब सम्मान पाती है तो वह समाज के लिए प्रेरणा बन जाती है। इसी उद्देश्य को साकार करते हुए श्री नारायण बाला शिक्षा सहायता समिति द्वारा आठवां मेधावी छात्रा सम्मान समारोह न्यू आगरा कॉलोनी स्थित चंद्रावती गर्ल्स इंटर कॉलेज में आयोजित किया गया। समारोह में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 11 छात्राओं को प्रोत्साहन राशि, सम्मान पत्र एवं शुभकामनाओं के साथ सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां शारदे के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं गणेश वंदना की मनोहारी प्रस्तुति देकर समारोह को भक्तिमय एवं सांस्कृतिक रंग प्रदान किया। उपस्थित अतिथियों ने छात्राओं की प्रस्तुति की मुक्तकंठ से सराहना की।

समिति के अध्यक्ष विजय अग्रवाल ने कहा कि किसी भी समाज की उन्नति का आधार शिक्षा है और जब बेटियां शिक्षित होती हैं तो पूरा परिवार एवं राष्ट्र प्रगति की ओर अग्रसर होता है। उन्होंने बताया कि समिति पिछले आठ वर्षों से निरंतर मेधावी छात्राओं को सम्मानित कर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित कर रही है। इस वर्ष 11 छात्राओं को सम्मानित किया गया, जिनमें 6 इंटरमीडिएट एवं 5 हाईस्कूल की छात्राएं शामिल हैं।

समिति के प्रवर्तक मनीष अग्रवाल ‘रावी’ ने कहा कि प्रतिभाओं को पहचानना और उनका सम्मान करना समाज का दायित्व है। संस्था का उद्देश्य केवल सम्मान देना ही नहीं, बल्कि बेटियों में शिक्षा के प्रति आत्मविश्वास, प्रतिस्पर्धा और उत्कृष्टता की भावना विकसित करना भी है।

विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. रचना शर्मा ने समिति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के सम्मान समारोह विद्यार्थियों के मनोबल को नई ऊर्जा प्रदान करते हैं। जब मेहनत को सार्वजनिक रूप से सम्मान मिलता है तो अन्य छात्राओं को भी बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने संस्था द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे सामाजिक योगदान की सराहना की।

कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ प्रवक्ता नीतू सिंह ने किया।
समारोह में उज्ज्वल अग्रवाल, दिलीप कुमार, अमित कुमार यादव, गौरव, शादमा अजीज आदि उपस्थित रहे।