लखनऊ: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच कुदरत ने अचानक करवट बदल ली है। सक्रिय हुए नए पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के चलते प्रदेश के मौसम में बड़ा उलटफेर हुआ है। शुक्रवार को जहाँ नोएडा, गाजियाबाद और सहारनपुर जैसे पश्चिमी इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश ने दस्तक दी, वहीं शनिवार तक इसका असर मध्यांचल और पूर्वांचल की सीमाओं तक पहुँचने के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, इस बदलाव से अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की बड़ी गिरावट दर्ज की गई है।
35 जिलों में ‘येलो और ऑरेंज’ अलर्ट
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अफगानिस्तान और पाकिस्तान के ऊपर सक्रिय विक्षोभ अब उत्तर प्रदेश में अपना रंग दिखा रहा है। शनिवार को प्रदेश के लगभग 35 जिलों में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की तूफानी रफ्तार से हवाएं चलने और मध्यम बारिश की संभावना है। विभाग ने चेतावनी दी है कि आंधी के साथ कई इलाकों में भारी ओलावृष्टि भी हो सकती है।
इन जिलों में ओले गिरने की आशंका
प्रशासन ने अमेठी, अयोध्या, लखनऊ, कानपुर, उन्नाव, रायबरेली, सीतापुर, बाराबंकी, हरदोई, झांसी और लखीमपुर खीरी समेत बुंदेलखंड और तराई के कई क्षेत्रों में ओलावृष्टि की विशेष चेतावनी जारी की है। इन इलाकों में रहने वाले किसानों और आम नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
राजधानी लखनऊ का हाल
नवाबों के शहर लखनऊ में शनिवार को मौसम के तेवर बदले-बदले नजर आएंगे। शुक्रवार को दिनभर बादल छाए रहे और धूल भरी हवाएं चलती रहीं, जिससे तापमान गिरकर 35.9 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। शनिवार को शहर में झोंकेदार हवाओं के साथ बूंदाबांदी और कहीं-कहीं ओले गिरने की प्रबल आशंका है।
पहाड़ों पर बर्फबारी, मैदानों में ठिठुरन
पड़ोसी राज्य हिमाचल प्रदेश में भी कुदरत का कहर जारी है। रोहतांग, मनाली और लाहौल की चोटियों पर ताजा बर्फबारी हुई है, जिससे मैदानी इलाकों की हवाओं में ठंडक बढ़ गई है। हिमाचल के पांच जिलों में ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है और 9 अप्रैल तक मौसम खराब रहने का अनुमान है। पहाड़ों पर हो रहे इस हिमपात का सीधा असर उत्तर प्रदेश के तापमान पर पड़ रहा है, जिससे बढ़ती गर्मी से फिलहाल राहत मिली है।

