आगरा में ‘अवैध वसूली’ का विरोध करना पड़ा महंगा: जेई ने डंडे से पीटा संविदा लाइनमैन, वीडियो हुआ वायरल

स्थानीय समाचार

आगरा: जनपद के बाह क्षेत्र स्थित अभयपुरा विद्युत उपकेंद्र से एक विचलित कर देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। इस वीडियो में विद्युत विभाग के एक जूनियर इंजीनियर (जेई) को एक संविदाकर्मी लाइनमैन के साथ डंडे से मारपीट करते हुए देखा जा रहा है। पीड़ित ने जेई पर अवैध वसूली का दबाव बनाने और विरोध करने पर उत्पीड़न करने का गंभीर आरोप लगाया है।

​अवैध वसूली के विरोध पर मारपीट

पीड़ित संविदा लाइनमैन का कहना है कि उपकेंद्र पर तैनात जेई लंबे समय से कर्मचारियों पर नाजायज दबाव बनाते आ रहे हैं। लाइनमैन के अनुसार, जब उसने जेई द्वारा की जा रही कथित अवैध वसूली का विरोध किया, तो उसे न केवल मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया, बल्कि नौकरी से निकालने की धमकी भी दी गई। इसी कड़ी में जेई ने उसे डंडे से बेरहमी से पीटादबा

वीडियो वायरल होते ही मचा हड़कंप

मारपीट का यह वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, विभाग के आला अधिकारियों के बीच हड़कंप मच गया। वीडियो में साफ दिख रहा है कि उच्च अधिकारी के पद पर बैठा व्यक्ति अपने ही अधीनस्थ कर्मचारी के साथ किस तरह का अमानवीय व्यवहार कर रहा है। घटना को लेकर विभाग के अन्य कर्मचारियों में भी खासा रोष व्याप्त है।

​जांच के दायरे में जेई

मामले की गंभीरता को देखते हुए विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने तत्काल संज्ञान लिया है। प्रकरण की निष्पक्ष जांच के आदेश जारी कर दिए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो और पीड़ित कर्मचारी के बयान को आधार बनाकर जांच की जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद दोषी के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

​फिलहाल, इस घटना ने विद्युत विभाग की कार्यशैली और संविदाकर्मियों की सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। सभी की निगाहें अब विभागीय जांच और आने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।