मुंबई (अनिल बेदाग): भारत के संगीत इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। दिग्गज वित्तीय सेवा कंपनी बजाज फिनसर्व ने अपने क्रांतिकारी डिजिटल म्यूज़िक टैलेंट प्लेटफॉर्म ‘बजाज धुनिव्हर्स’ के ग्रैंड फिनाले की घोषणा कर दी है। आगामी 31 मार्च को मुंबई में आयोजित होने वाले एक भव्य समारोह में संगीत की दुनिया की मशहूर तिकड़ी शंकर-एहसान-लॉय की मौजूदगी में देश को अपना नया ‘वॉइस ऑफ द नेशन’ मिलेगा।
60,000 प्रतिभागियों के बीच से निकले 11 ‘सुरवीर’
पिछले छह महीनों से जारी इस डिजिटल तलाश ने एक नया रिकॉर्ड कायम किया है। बिना किसी भारी-भरकम टेलीविजन विज्ञापन के, सिर्फ डिजिटल मंच के जरिए सुदूर गांवों और कस्बों से 60,000 से अधिक गायकों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कड़ी चयन प्रक्रिया के बाद, शंकर-एहसान-लॉय ने 10 मुख्य फाइनलिस्ट और एक वाइल्ड कार्ड एंट्री को अंतिम मुकाबले के लिए चुना है।
विजेता के लिए ‘गोल्डन’ अवसर
इस प्रतियोगिता का विजेता रातों-रात स्टार बनने की राह पर होगा। उसे न केवल ज़ी म्यूज़िक कंपनी (Zee Music Company) के साथ एक स्वतंत्र एल्बम रिकॉर्ड करने का मौका मिलेगा, बल्कि वह शंकर-एहसान-लॉय के साथ मिलकर बजाज की ‘सॉनिक आइडेंटिटी’ (ऑफिशियल एंथम) तैयार करने का गौरव भी हासिल करेगा।
”डिजिटल इंडिया की असली ताकत”—शंकर महादेवन
प्रतियोगिता के मेंटर और जज शंकर महादेवन ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा ”बजाज धुनिव्हर्स की सबसे खूबसूरत बात इसका ‘डिजिटल-फर्स्ट’ विजन है। इसने भारत के हर कोने से प्रतिभाओं को ढूंढ निकाला और इस भागीदारी को सही मायने में समावेशी बनाया। यह देखना अद्भुत है कि तकनीक कैसे असली हुनर को मंच दे रही है।”
वहीं, डिजिटल प्लेटफॉर्म के अध्यक्ष मानव मियानवाल ने बताया कि पहले ही साल में मिले इस जबरदस्त रिस्पॉन्स ने भविष्य में इसे और भी बड़े स्तर पर ले जाने का हौसला दिया है। एहसान नूरानी और लॉय मेंडोन्सा ने भी प्रतिभागियों के गायन स्तर को वैश्विक दर्जे का बताया।
कहाँ देखें ग्रैंड फिनाले?
संगीत के इस महासंग्राम के पूरे सफर और 31 मार्च के अंतिम परिणाम को बजाज धुनिव्हर्स के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर लाइव देखा जा सकता है। अब देखना दिलचस्प होगा कि इन 11 सुरवीरों में से कौन 31 मार्च की शाम भारत का अगला डिजिटल म्यूज़िक आइकन बनता है।

