मुंबई (अनिल बेदाग)। भारतीय सिनेमा में इन दिनों एक बड़ी खबर ने जबरदस्त चर्चा पैदा कर दी है। आइकॉन स्टार अल्लू अर्जुन और जाने-माने निर्देशक त्रिविक्रम श्रीनिवास एक बार फिर साथ आने की तैयारी में हैं। इंडस्ट्री सूत्रों के अनुसार, दोनों की यह चौथी फिल्म होगी, जिसे एक भव्य और बड़े पैमाने की माइथोलॉजिकल एपिक के रूप में विकसित किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि यह महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट खास तौर पर अल्लू अर्जुन की स्टार इमेज और ग्लोबल अपील को ध्यान में रखकर लिखी गई एक सशक्त स्क्रिप्ट पर आधारित है। जैसे ही इस री-यूनियन की खबर सामने आई, सोशल मीडिया और फिल्मी गलियारों में फैंस का उत्साह चरम पर पहुंच गया।
अल्लू अर्जुन और त्रिविक्रम की जोड़ी इससे पहले भी कई सुपरहिट फिल्में दे चुकी है। जुलायी, सोन ऑफ सत्यमूर्ति और आला बैकुंठपुर्रमूलू जैसी फिल्मों ने न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया, बल्कि दर्शकों के दिलों में भी खास जगह बनाई। खासकर ‘आला बैकुंठपुर्रमूलू’ को आज भी साउथ सिनेमा की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में गिना जाता है।
इस बार प्रोजेक्ट का स्केल पहले से कहीं बड़ा बताया जा रहा है। सूत्रों की मानें तो फिल्म का संभावित बजट 1000 करोड़ रुपये से अधिक हो सकता है, जो इसे भारतीय सिनेमा की सबसे महंगी माइथोलॉजिकल फिल्मों की सूची में शामिल कर देगा। भव्य सेट्स, अत्याधुनिक वीएफएक्स, दमदार कहानी और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रस्तुति के साथ यह फिल्म माइथोलॉजी जॉनर को नया आयाम देने का दावा कर रही है।
हालांकि, मेकर्स की ओर से अभी तक आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले हफ्तों में इस मेगा प्रोजेक्ट से जुड़ी औपचारिक जानकारी सामने आ सकती है। शूटिंग फरवरी 2027 से शुरू होने की चर्चा है। फिलहाल इतना तय माना जा रहा है कि अल्लू अर्जुन और त्रिविक्रम की यह जोड़ी एक बार फिर भारतीय सिनेमा में नया बेंचमार्क स्थापित कर सकती है।
-up18News


