पटरी पर वापस लौट रही है पर्यटकों की पहली पसंद “पैलेस ऑन व्हील्स”

Business

आगरा। विदेशी पर्यटकों की पहली पसंद पैलेस ऑन व्हील्स दो साल के ब्रेक के बाद 12 अक्तूबर से राजपूताने के पुरातन वैभव को दिखाने के लिए पटरी पर लौट रही है। कोविड संक्रमण के कारण दो साल तक इस शाही रेलगाड़ी को बंद किया गया था। पैलेस ऑन व्हील्स पिछले 40 साल से संचालित है। यह सैलानियों को राजस्थान का एक सप्ताह का शाही सफर कराती है।

गाड़ी सफदरजंग, दिल्ली से शुरू होकर जयपुर के गांधी नगर स्टेशन पर ठहराव होता है। इसके बाद सवाईमाधोपुर, चित्तौड़गढ़, उदयपुर, मारवाड़, जैसलमेर, जोधपुर, भरतपुर होते हुए आगरा पहुंचती है। इसके बाद यह सफदरजंग, दिल्ली वापस आती है।

आगरा रेल मंडल के अधिकारियों ने बताया कि पैलेस ऑन व्हील्स 12 अक्तूबर से लेकर 26 अप्रैल 2023 तक प्रत्येक बुधवार को प्रारंभिक स्टेशन सफदरजंग से चलाई जाएगी। पैलेस ऑन व्हील्स अपने नाम की तरह एक महल ही है। इसके हर कोच को शाही अंदाज में तैयार किया गया है। ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों के लिए लग्जरी सुईट, स्पा, बार और जिम जैसी सुविधाएं भी हैं।

पैलेस ऑन व्हील्स को सबसे पहले 26 जनवरी 1982 को शुरू किया गया था। ट्रेन में राजस्थान की पूर्व रियासतों के ओरिजनल सलून यानी वह रेल डिब्बे लगे हुए हैं, जिनका इस्तेमाल राजा-महाराजा अपने निजी उपयोग के लिए करते थे। ट्रेन में कई तरह के खाने परोसे जाते हैं, जिसमें कांटिनेंटल, चायनीज और भारतीय खाना शामिल है। इसका भोजन कक्ष भी अलग-अलग इंटीरियर लिए होता है। ट्रेन में दो रेस्टोरेंट महारानी और महाराजा हैं, जिन्हें किचन कार भी कहा जाता है।

-up18news