पूर्व मंत्री डा. कृष्णवीर सिंह कौशल का निधन, लगातार चार बार रहे थे आगरा में कांग्रेस से विधायक

Politics

आगरा: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री डा. कृष्णवीर सिंह कौशल का निधन मंगलवार को हो गया। वह 84 वर्ष के थे। डा. कौशल उप्र सरकार में दो बार मंत्री रहे थे। उन्होंने वर्ष 1957 में एसएन मेडिकल कालेज से एमबीबीएस की थी। उनके निधन से राजनीतिक व चिकित्सा जगत में शोक की लहर दौड़ गई।

नोर्थ ईदगाह कालोनी निवासी डा. कृष्णवीर सिंह कौशल पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ थे। मंगलवार को उपाध्याय नर्सिंग होम में उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन से शहर में शोक की लहर दौड़ गई।

कौशल छावनी विधानसभा से चार बार वर्ष 1974, 1977, 1980 और 1985 में कांग्रेस के टिकट पर विधायक चुने गए थे। वर्ष 1985 में प्रदेश में नारायण दत्त तिवारी के नेतृत्व में बनी कांग्रेस सरकार में उन्हें उपसूचना मंत्री बनाया गया था। इसके बाद उन्हें शिक्षा मंत्री और फिर कृषि मंत्री बनाया गया था। वह प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष भी रहे थे।

इनके अलावा कई सरकारी समितियों के सदस्य भी रहे। उनके निधन की सूचना मिलते ही नोर्थ ईदगाह कालोनी स्थित आवास पर कांग्रेस नेताओं का पहुंचना शुरू हो गया। कौशल ने भरा-पूरा परिवार छोड़ा है। उनके दो बेटे राजेश कौशल और डा. यज्ञेश कौशल हैं। उनकी तीन बेटियां थीं, जिनमें से एक का निधन पूर्व में हो चुका है।

-up18news