पूर्व क्रिकेटर ने कहा, रोहित शर्मा को फिर सौंपी जा सकती है मुंबई इंडियंस की कप्तानी

SPORTS

पांड्या को गुजरात से एक बड़े ट्रेड में शामिल किया गया था, जहां उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने 2022 में गुजरात को आईपीएल का खिताब दिलाया था और 2023 में फाइनल तक पहुंचाया था। उन्होंने मुंबई में लंबे समय से कप्तानी संभाल रहे रोहित शर्मा की जगह ली थी, लेकिन अभी तक उनकी कप्तानी में टीम को जीत नहीं मिली है।

इसी बीच टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर मनोज तिवारी ने मुंबई की कप्तानी पर हैरान करने वाला बयान दिया है। मनोज तिवारी का मानना है कि रोहित शर्मा एक बार फिर से मुंबई इंडियंस के कप्तान बन सकते हैं।

रोहित शर्मा पर मनोज तिवारी ने क्या कहा?

मनोज तिवारी ने कहा, ‘मुंबई की कप्तानी वापस रोहित शर्मा को सौंपी जा सकती है। मेरी समझ से मुंबई इंडियंस के मालिक फैसले लेने में हिचकिचाते नहीं हैं। उन्होंने रोहित से कप्तानी लेकर हार्दिक पंड्या को देने का फैसला किया था, भले ही रोहित ने उनके लिए पांच आईपीएल खिताब जीते थे।’

उन्होंने, ‘कप्तान बदलना बहुत बड़ा फैसला होता है। उन्होंने इस सीजन में एक भी अंक नहीं हासिल किया है और कप्तानी भी पूरी तरह से गड़बड़ है, यह सिर्फ बदकिस्मती नहीं है और कप्तानी बहुत अच्छी रही है, ऐसा नहीं है। कप्तानी अच्छी नहीं रही है।’

हार्दिक पंड्या की खूब हो रही है हूटिंग

हार्दिक पंड्या की मुश्किलें मैदान के बाहर भी कम नहीं हो रही है। वह जब भी मैदान पर उतरते हैं उन्हें खूब हूटिंग किया जाता है। इसके अलावा सोशल मीडिया पर भी हार्दिक को खूब ट्रोल किया जा रहा है। पंड्या को अहमदाबाद, हैदराबाद और चौंकाने वाली बात यह है कि मुंबई के घरेलू मैदान वानखेड़े में भी भीड़ के गुस्से का सामना करना पड़ा।

हार्दिक पंड्या के साथ हो रहे इस व्यवहार के कारण पूर्व कप्तान रोहित ने फैंस से अपील की है वह हूटिंग ना करें। मुंबई की फ्रेंचाइजी रविवार 7 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स खिलाफ जीत की राह पर लौटने की कोशिश करेगी।

-एजेंसी