आगरा के व्यापारियों के हितों के लिए कैट जिला इकाई आई आगे: हर छोटी-बड़ी समस्या की लड़ाई में साथ देने का किया ऐलान

विविध

आगरा के व्यापारियों की हर छोटी-बड़ी समस्या और उनके हितों की लड़ाई में अब कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) की जिला इकाई पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ी नजर आएगी। इसी संकल्प के साथ शनिवार को कैट जिला आगरा की एक अत्यंत महत्वपूर्ण बैठक और शपथ ग्रहण समारोह का भव्य आयोजन ऐतिहासिक गुरुद्वारा गुरु का ताल के परिसर में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत में कैट की पूरी टीम ने पवित्र श्री गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष माथा टेककर समाज और व्यापार जगत के कल्याण के लिए अरदास की।

कैट के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीण खंडेलवाल की संस्तुति पर आगरा टीम में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों की घोषणा की गई है, जिसके तहत रोहित कत्याल को अध्यक्ष और नरेंद्र तनेजा को चेयरमैन मनोनीत किया गया है। इसके अलावा, संजय अरोरा को महामंत्री, अमित मदान को कोषाध्यक्ष तथा कुलदीप कोहली को संयुक्त महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

नई टीम में राजेश कक्कड़, भीष्म लालवानी, प्रशांत मिश्रा, चंद्रवीर फौजदार और अमित खत्री को उपाध्यक्ष, तथा अभिषेक कपूर एवं गुलशन कोहली को सचिव पद की जिम्मेदारी दी गई है।

​गुरुद्वारा गुरु का ताल में हुआ भव्य अभिनंदन

​शपथ ग्रहण समारोह के दौरान गुरुद्वारा गुरु का ताल के मुखी बाबा प्रीतम सिंह जी का कैट के नवनियुक्त चेयरमैन नरेंद्र तनेजा और अध्यक्ष रोहित कत्याल ने शाल पहनाकर आत्मीय अभिनंदन किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके उपरांत, बाबा प्रीतम सिंह जी ने कैट की पूरी नई टीम को पारंपरिक ‘सरोपा’ भेंट कर सम्मानित किया और उनका अभिनंदन किया। बाबा जी ने सभी पदाधिकारियों को पूरी ईमानदारी, लगन, पारदर्शिता और निष्ठा के साथ समाज व व्यापार जगत की सेवा करने के लिए विशेष रूप से प्रोत्साहित किया।

3 महीने में 1,000 व्यापारियों को जोड़ने का संकल्प

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैट आगरा के नवनियुक्त अध्यक्ष रोहित कत्याल ने आगामी तीन महीने के भीतर आगरा के कम से कम 1,000 व्यापारियों को संस्था के साथ जोड़ने का एक बड़ा और महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया। उन्होंने सभी सदस्यों से अपील की कि वे अपने स्तर पर कम से कम 25 नए व्यापारियों को जोड़कर एक मजबूत और संगठित टीम तैयार करें, ताकि व्यापारियों के अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी तन्मयता से सेवा कार्य किया जा सके और राष्ट्र निर्माण में अपना सक्रिय योगदान दिया जा सके।

इस महत्वपूर्ण शपथ ग्रहण एवं बैठक समारोह में मुख्य रूप से बाबा प्रीतम सिंह, नरेंद्र तनेजा, सुरेश बरेजा, विश्वनाथ जुनेजा, महेंद्र जुनेजा, सोनू कक्कड़, संजय अरोरा, रोहित कत्याल, कुलदीप कोहली, अमित मदान, अमित खत्री, प्रशांत मिश्रा, चंद्रवीर फौजदार, भीष्म लालवानी, विकास कुंद्रा, सौरभ कालरा, अमित सूरी, पुलकित वाधवा, सौरभ हिंदुजा, अभिषेक कपूर और गुलशन कोहली सहित शहर के तमाम गणमान्य व्यापारी और पदाधिकारी उपस्थित रहे।