आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर जल्द ही खुलने जा रहा है फूड प्लाजा

Press Release

आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर जल्द ही फूड प्लाजा खुलने जा रहा है। फूड प्लाजा के लिए आईआरसीटीसी ने कवायद करना शुरू कर दिया है। आईआरसीटीसी की ओर से एक कंपनी को टेंडर जारी किया गया है। उसने फूड प्लाजा को लेकर प्रक्रिया शुरू कर दी है और जल्द ही फूड प्लाजा रेल यात्रियों और पर्यटकों के लिए खुलेगा।

कोरोना संक्रमण काल में फूड प्लाजा खुल नहीं पाया था। अब जब कोरोना संक्रमण की रफ्तार कम हुई है तो रेलवे प्रशासन भी पटरी पर लौट आया है। इतना ही नही ट्रेनों का संचालन भी पूरी तरह से हो रहा है। ऐसे में अब आगरा कैंट स्टेशन पर फूड प्लाजा खोले जाने की कवायद भी शुरू हो गई है। आगरा कैंट स्टेशन पर आईआरसीटीसी की ओर से फूड प्लाजा संचालित किया जाता है और इसके लिए आईआरसीटीसी ने कंपनी को टेंडर भी जारी कर दिया है। इसकी जानकारी आगरा रेल मंडल की पीआरओ प्रशस्ति श्रीवास्तव ने दी।

उन्होंने बताया कि आगरा कैंट स्टेशन पर फूड प्लाजा की शुरुआत होने से रेल यात्रियों और पर्यटकों को लाभ पहुंचेगा। पर्यटक और रेलयात्री सुरक्षित बेहतर और अपनी मनपसंद का खाना इस फूड प्लाजा में खा सकेंगे। बता दें कि इससे पहले भी प्लेटफार्म पर फूड प्लाजा संचालित किया जाता था। यात्रियों के लिए यह स्थान मुफीद था। वातानुकूलित होने के साथ ही यहां लजीज व्यंजन भी मिलते थे।