आगरा। ताजनगरी के सिकंदरा, सेक्टर-7 आवास विकास कॉलोनी स्थित श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में जैन धर्म के प्रतिष्ठित तीर्थंकर भगवान श्री 1008 शांतिनाथ का जन्म, तप एवं मोक्ष कल्याणक महामहोत्सव अत्यंत श्रद्धा, अटूट भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर संपूर्ण मंदिर परिसर दिव्य मंत्रोच्चार, भक्ति संगीत और धार्मिक उल्लास से सराबोर नजर आया।
भव्य अभिषेक और विशेष शांतिधारा से हुआ मंगल आगाज
धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत तड़के भगवान शांतिनाथ के परम पावन अभिषेक और भव्य शांतिधारा के साथ हुई। इसके उपरांत उपस्थित श्रावकों ने पूरी शुचिता के साथ नित्य नियम पूजा संपन्न की। महोत्सव के मुख्य चरण में देव-शास्त्र-गुरु की आराधना के साथ भगवान शांतिनाथ का विशेष पूजन-अर्चन और संगीतमय आरती की गई, जिससे पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत हो गया।
108 किलो का महालाडू अर्पित, सौभाग्यशाली परिवारों ने लगाई बोली
इस कल्याणक महोत्सव का सबसे मुख्य और आकर्षक केंद्र भगवान के चरणों में ‘निर्वाण लाडू’ अर्पित करना रहा। भक्ति भाव से सराबोर भक्तों ने भगवान शांतिनाथ के समक्ष शीश नवाकर लाडू चढ़ाए। विशेष बोली प्रक्रिया के माध्यम से मनोज जैन, अनमोल जैन, अमित जैन तहसील, सतेंद्र कुमार जैन, सतेंद्र कुमार जैन (एसबीआई परिवार), विवेक जैन, माया जैन, शिखा जैन, प्रीति जैन, प्रेमलता जैन और अशोक जैन परिवार को 21 किलो का लाडू चढ़ाने का परम सौभाग्य प्राप्त हुआ।
इसके साथ ही मोक्ष कल्याणक महोत्सव की मुख्य वेदी पर भगवान शांतिनाथ को 108 किलो का भव्य महालाडू अगाध श्रद्धा के साथ अर्पित किया गया। पूजन संपन्न होने के बाद इस महाप्रसाद (लाडू) को उपस्थित सभी श्रद्धालुओं में वितरित किया गया। इस दौरान समाज के लोगों ने भगवान शांतिनाथ के जीवन आदर्शों, संयम, करुणा और अहिंसा के मार्ग पर चलने का सामूहिक संकल्प लिया।
सकल जैन समाज की रही गरिमामयी उपस्थिति
इस त्रि-कल्याणक महामहोत्सव को सफल बनाने में आगरा के सकल जैन समाज ने बढ़-चढ़कर अपनी सहभागिता दर्ज कराई। कार्यक्रम में मुख्य रूप से मंदिर कमेटी के अध्यक्ष अतुल जैन, मंत्री राकेश जैन (टीचर), कोषाध्यक्ष मगन कुमार जैन, प्रवीन जैन, महेश चंद जैन, राजेश बैनाड़ा, विजय जैन निमोरब, अरुण जैन, सुशील जैन, संजीव जैन, हेमा जैन, दिलीप जैन, अनिल जैन (बुरे वाले), मनोज जैन, विपुल जैन, आलोक जैन, सिद्धार्थ जैन, मोहित जैन, प्रशांत जैन, वैभव जैन, दीपक जैन, आदिश जैन, विकास जैन, गौरव जैन, आदर्श जैन, दिपेश जैन, संजय जैन, शुभम जैन, घनश्याम जैन, आशीष जैन, विशाल जैन और अभिषेक जैन सहित सैकड़ों की संख्या में महिला-पुरुष और युवा श्रद्धालु उपस्थित रहे।
मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी राहुल जैन ने इस सफल आयोजन की जानकारी साझा करते हुए बताया कि भगवान शांतिनाथ का यह त्रि-कल्याणक महामहोत्सव पूरी तरह भक्तिपूर्ण, शांतिपूर्ण और उल्लासपूर्ण माहौल में आनंद के साथ संपन्न हुआ।


