आगरा: श्रम विभाग ने शहर में विशेष अभियान चलाकर चार प्रतिष्ठानों से पांच बाल श्रमिकों को मुक्त कराया। उनके सेवायोजकों के खिलाफ विधिक कार्रवाई भी की गई।
सहायक श्रमायुक्त पल्लवी अग्रवाल ने बताया कि उप श्रम आयुक्त के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया। इसमें श्रम विभाग के साथ एएचटीयू और चाइल्ड लाइन की टीम भी मौजूद थी। टीम ने अभियान में चार प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया, तो वहां पांच बाल श्रमिक कार्यरत मिले। उन बाल श्रमिकों को बाल श्रम से मुक्त कराया गया।
कार्रवाई के दौरान प्रतिष्ठानों में बाल श्रमिक पाए जाने पर उनके सेवायोजकों के विरूद्ध 20 हजार रुपए तक का जुर्माना लगाने के साथ अभियोग पंजीकृत कराया गया।
उप श्रमायुक्त दीप्ति मान भट्ट के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई में श्रम प्रवर्तन अधिकारी राम आशीष, एसबी सरोज, प्रवीन चन्द दत्त, छत्रसाल बरनवाल शामिल रहे।