आगरा: फोटोस्टेट से छाप रहे थे 200-500 के नकली नोट, सरगना सहित पांच गिरफ्तार

Crime

आगरा: शनिवार को आगरा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी। थाना सदर पुलिस ने नकली नोट बनाने वाला गैंग को धर दबोचा। पुलिस ने इस गैंग के पास लगभग ₹8000 के नकली नोट बरामद किए। यह गैंग सदर क्षेत्र में कलर फोटोस्टेट की मदद से नकली नोट तैयार कर बाजार में खपा रहा था। थाना पुलिस ने गिरोह के सरगना सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है, साथ ही कलर फोटो स्टेट करने की मशीन और नकली नोट बरामद किए है।

त्योहारी सीजन में खपा रहे थे नोट

इस पूरे मामले को लेकर सीओ सदर अर्चना सिंह ने बताया कि आरोपी त्योहारी सीजन का पूरा लाभ ले रहे थे। त्यौहारी सीजन में अत्यधिक दुकान पर भीड़ भाड़ होती है। लोग नोटों पर ध्यान नहीं देते। इसीलिए नकली नोटों को यह लोग दुकानों और शराब के ठेकों पर आसानी से खपा रहे थे। यह आरोपी 200 और 500 के नकली नोट तैयार करते थे।

सरगना पहले भी जा चुका है जेल

सीओ सदर अर्चना सिंह ने बताया कि गैंग का सरगना शमसाबाद निवासी अवधेश सविता है। वह वर्ष 2019 में एसटीएफ ने पकड़ा था। तब भी नकली नोट बनाता था। उसके चार साथी भी पकड़े गए हैं। इनमें एक आरोपित के साथ सरगना कागज और कलर फोटोस्टेट की मदद से नोट बनाता था। 500 और 200 के नोट की फोटो कापी करने के बाद वाटर मार्क भी लगाया जाता था जिससे यह नकली नोट पूरी तरह से असली लगे।