आगरा में सिकंदरा के अपार्टमेंट में लगी आग, दो स्कूटी जलकर खाक, मची अफरातफरी

स्थानीय समाचार

आगरा। शनिवार की दोपहर थाना सिकंदरा क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब भावना एस्टेट के पीछे स्थित ‘गणपति गैलेक्सी अपार्टमेंट’ में अचानक आग लग गई। आग की लपटों ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे स्थानीय निवासियों में दहशत फैल गई।

मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना दोपहर करीब ढाई बजे के आसपास हुई। अपार्टमेंट परिसर में खड़ी दो स्कूटी आग की चपेट में आने से पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। इस दौरान यह सूचना मिलने पर कि अपार्टमेंट की ऊपरी मंजिलों पर कुछ लोग फंस गए हैं, हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी तुरंत घटनास्थल पर पहुँच गईं।

अग्निशमन कर्मियों ने कड़ी मशक्कत और सूझबूझ का परिचय देते हुए आग पर समय रहते काबू पा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस और दमकल विभाग संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रहे हैं, ताकि आग लगने के मूल स्रोत और लापरवाही के पहलुओं का पता लगाया जा सके।