लखीमपुर खीरी: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में आदमखोर तेंदुए का आतंक रुकने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला नॉर्थ खीरी डिवीजन के बेलरायां रेंज से सामने आया है, जहाँ शनिवार की रात एक तेंदुए ने घर के बाहर सो रही महिला को अपना शिकार बना लिया। इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई है और ग्रामीणों का गुस्सा सातवें आसमान पर है।
घटना सिंगहा ग्राम पंचायत के मजरा सहिंजना की है। यहाँ के निवासी माता प्रसाद मौर्य की पत्नी संध्या देवी (30) भीषण गर्मी और बिजली न होने के कारण राहत पाने के लिए घर के बाहर सो रही थीं। तभी रात के अंधेरे में घात लगाकर आए तेंदुए ने उन पर हमला बोल दिया। तेंदुआ उन्हें गर्दन से दबोचकर करीब 50 मीटर दूर एक खाली स्थान पर घसीट ले गया। हमले की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
चीख-पुकार और परिजनों का शोर सुनकर जब गांव वाले लाठी-डंडे लेकर दौड़े, तो तेंदुआ शव को छोड़कर पास के ही केले के खेत में जा छिपा। मृतका अपने पीछे 3 साल के मासूम बेटे गोलू को छोड़ गई है, जिसका अपनी मां को खोने के बाद रो-रोकर बुरा हाल है।
इस घटना ने एक बार फिर वन विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों में विभाग के प्रति भारी नाराजगी है, क्योंकि सूचना देने के घंटों बाद भी कोई वन कर्मी मौके पर नहीं पहुँचा। हालांकि, सूचना मिलते ही सिंगाही थाना प्रभारी दिलीप चौबे पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुँचे और स्थिति को संभालने की कोशिश की। तेंदुए के बढ़ते हमलों से सहमे ग्रामीणों ने अब प्रशासन से सुरक्षा और आदमखोर को पकड़ने की पुरजोर मांग की है।

