आगरा में दबंगई की हद पार: ₹14 हजार के ब्याज विवाद में महिला को घर से खींचकर खरंजे पर पटका, लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा

Crime

आगरा। जिले के थाना निबोहरा क्षेत्र में ब्याज के पैसों के लेन-देन को लेकर ऐसा खूनी विवाद हुआ कि दबंग पड़ोसियों ने एक महिला को घर से खींचकर खरंजे पर पटक दिया और बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। महिला चीखती रही, लेकिन आरोपी उस पर थप्पड़ों और लात-घूंसों की बरसात करते रहे। बीच-बचाव करने पहुंचे पति को भी नहीं बख्शा गया और उसके साथ भी मारपीट की गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना थाना निबोहरा क्षेत्र के गांव बीलपुरा की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार गांव निवासी एक महिला और उसके पड़ोसियों के बीच 14 हजार रुपये के ब्याज के लेन-देन को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी विवाद को लेकर दबंग पड़ोसी महिला के घर पहुंच गए और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों का गुस्सा भड़क गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपियों ने महिला को पकड़कर खरंजे पर पटक दिया और जमकर मारपीट की। महिला खुद को बचाने की कोशिश करती रही, लेकिन दबंग लगातार हमला करते रहे। इसी दौरान महिला का पति बचाने पहुंचा तो आरोपियों ने उसके साथ भी हाथापाई कर दी। गांव में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना का किसी ग्रामीण ने वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में महिला को बेरहमी से पीटते हुए साफ देखा जा सकता है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस पर कार्रवाई का दबाव बढ़ गया।

पीड़ित पक्ष ने थाना निबोहरा में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।