आगरा: शादी भले ही तोड़ दी, लेकिन मंगेतर की बेवफाई से उबर नहीं पा रहे हैं साहब

स्थानीय समाचार

आगरा: जिले के एक दरोगा को शादी से पहले ही अपनी मंगेतर की बेवफाई का पता चल गया। उन्होंने शादी से पहले ही रिश्ता तोड़ दिया। बेवफाई पता चलने से पहले तक दरोगा जी खुशी-खुशी शादी की तैयारियों में जुटे हुए थे। अब उन्होंने शादी भले ही तोड़ दी हो, लेकिन मंगेतर की बेवफाई से उबर नहीं पा रहे हैं। अपनी व्हाट्स एप डीपी से लेकर अन्य इंटरनेट मीडिया एकाउंट पर वह दर्द भरे नगमे और बेवफाई के स्टेटस लगाते हैं।

जिले में तैनात एक दरोगा का कुछ महीने पहले ही आगरा की युवती से रिश्ता तय हुआ था। दरोगा जी शादी की तैयारी में जुटे हुए थे। उन्होंने हल्दी की रस्म से लेकर मंडप में फेरों तक पहनने के लिए कपड़ों समेत अन्य चीजों की खरीददारी कर ली थी। शादी की तैयारियों से संबंधित जानकारी अपने करीबी दोस्तों को भी दे दी थी। उन्हें बरात में शामिल होने का न्यौता दे चुके थे। सब कुछ मन मुताबिक चल रहा था।

इसी बीच दरोगा को झटका करवाचौथ पर लगा। उन्हें पता चला कि करवाचौथ पर मंगेतर ने उनकी जगह किसी और के लिए व्रत रखा है। दरोगा होने के चलते उन्होंने छानबीन की ताे पता चला कि युवती ने व्रत अपने प्रेमी के लिए रखा था। सच्चाई जानने के बाद मंगेतर की बेवफाई से आहत होकर उन्होंने रिश्ता तोड़ दिया।

अब हालात यह हैं कि दरोगा जी चाहते हुए भी मंगेतर की बेवफाई को दिल से नहीं निकाल पा रहे हैं। उनकी हालत देख साथी पुलिसकर्मियों ने भी समझाया कि समय रहते उनका जीवन बर्बाद होने से बच गया। उन्हें बेवफा मंगेतर को भूलकर नए सिरे से अपनी जिंदगी की शुरुआत करनी चाहिए। वह खुशकिस्मत हैं कि सारा मामला समय रहते उनकी जानकारी में आ गया। वर्ना शादी के बाद उनका जीवन पूरी तरह से परेशानी में घिर जाता।

दरोगा जी साथी पुलिसकर्मियों की बात मान गए। वह मंगेतर को भुलाने की कोशिश कर रहे हैं। मगर, अपने इंटरनेट मीडिया के विभिन्न एकाउंट पर दर्द भरे नगमे और बेवफाई के वीडियो लगाते हैं। वह अक्सर दिन इस तरह के वीडियो स्टेटस पर अपडेट करते रहते हैं। उनके यह स्टेटस साथी पुलिसकर्मियों के बीच भी चर्चा का विषय बने हुए हैं।