आगरा: चालक की सूझबूझ से यात्रियों से भरी बस 30 फुट ऊंचाई से गिरने से बची, टला बड़ा हादसा

स्थानीय समाचार

आगरा: बुधवार रात को खेरिया मोड़ से ईदगाह की ओर जाने वाले पुल पर समय अफरा-तफरी मच गई जब बस की स्टेयरिंग अचानक से फेल हो गई। ईदगाह रेलवे पुल चढ़ने के दौरान स्टेयरिंग फेल होने की जानकारी जैसे ही हुई, बस में दहशत का माहौल बन गया। सवारियां चीखने चिल्लाने लगी लेकिन इस बीच चालक ने अपनी सूझबूझ का परिचय दिया। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए ब्रेक का इस्तेमाल कर बस को तिरछा कर दिया। उसका पहिया पुल पर बनी नाली में फंसा दिया जिससे बस के पहिया जाम हो गया। बस के रुकने के बाद सभी सवारियों को आनन-फानन में नीचे उतारा गया।

घटना रात करीब साढ़े आठ बजे की है। ईदगाह डिपो की बस को चालक लियाकत अली तांतपुर लेकर जा रहा था। बस में 45 सवारियां मौजूद थीं। परिचालक अखलाक अहमद थे। खेरिया पुल पर पहुंचते ही अचानक बस की स्टेयरिंग फेल हो गई। वह पुल पर लहराने लगी। इस दौरान चालक लियाकत अली ने सूझबूझ दिखाते हुए बस का इंजन बंद कर दिया।

जिसके बाद ब्रेक का इस्तेमाल कर बस को तिरछा कर उसका पहिया पुल पर बनी नाली में फंसा दिया। बस के पहिए जाम होने से वह रुक गई। बस के रुकते सवारियाें को बाहर निकाला गया। उन्हें दूसरी बस से भेजने की व्यवस्था की गई। इस दौरान रोडवेज की एक बस में शिफ्ट सवारियों को शिफ्ट करने का प्रयास किया गया। मगर, उसका चालक सवारियों को लिए बिना वहां से चला गया।

खेरिया मोड़ पर स्टेयरिंग फेल होने पर चालक लियाकत अली सूझबूझ दिखाकर उसे नहीं रोकता तो वह सवारियों को लेकर पुल से 30 फीट नीचे गिरती जिससे हादसा बड़ा हाे सकता था। बस से उतरने के बाद सवारियां काफी देर तक दहशत में रहीं। उन्हें सामान्य होने में कुछ समय लगा।