सैफई इलाके में गेहूं के खेत में गिरा ड्रोन, अखिलेश यादव बोले- जब भाजपाई ड्रोन नहीं उड़ा पा रहे, तो हवाई-पट्टी से जहाज क्या उड़ाएंगे?

Politics

इटावा: उत्तर प्रदेश के सैफई इलाके में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक गेहूं के खेत में आसमान से अचानक 10 फीट लंबा विशालकाय ड्रोन आ गिरा। ईरान और इजरायल के बीच जारी युद्ध की खबरों के बीच, इस रहस्यमयी ड्रोन को देख ग्रामीणों में भारी दहशत फैल गई। कई लोगों को लगा कि कहीं यह युद्ध क्षेत्र से भटकी हुई कोई मिसाइल तो नहीं है। इस घटना के बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर पोस्ट कर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है।

​”अमृत काल नहीं, दहशत का माहौल”

अखिलेश यादव ने घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि युद्ध के वैश्विक वातावरण के बीच अचानक रिहाइशी इलाकों के पास इतने बड़े ड्रोन का गिरना गंभीर मामला है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर यह किसी सरकारी परीक्षण या एक्सपेरिमेंट का हिस्सा था, तो स्थानीय नागरिकों को पहले से आगाह क्यों नहीं किया गया? अखिलेश ने कहा, “जब यह भरोसा ही नहीं था कि ड्रोन उड़ेगा या नहीं, तो आम लोगों के इलाके में इसे उड़ाने का जोखिम क्यों लिया गया?”

किसान के लिए मुआवजे की मांग

सपा सुप्रीमो ने चेतावनी दी कि यदि यह ड्रोन खेत के बजाय किसी घनी बस्ती पर गिरता, तो जान-माल की भारी हानि हो सकती थी। उन्होंने सरकार से मांग की है कि इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच बिठाई जाए। किसान के खेत में हुई आर्थिक हानि और मानसिक आघात का मूल्यांकन कर उचित मुआवजा दिया जाए। ​भविष्य में ऐसे सभी परीक्षण केवल निर्जन (निर्धारित परीक्षण क्षेत्रों) इलाकों में ही किए जाएं।

​हवाई-पट्टी को लेकर साधा निशाना

भाजपा सरकार की कार्यशैली पर तंज कसते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि सैफई की जनता अब सवाल कर रही है। उन्होंने कहा, “जब भाजपाई एक ड्रोन सही से नहीं उड़ा पा रहे हैं, तो वे सैफई की उस हवाई-पट्टी से जहाज क्या उड़ाएंगे, जिसे राजनीतिक द्वेष के कारण बिना रखरखाव के उपेक्षित छोड़ दिया गया है।”

​प्रशासनिक सतर्कता

ड्रोन गिरने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुँच गईं। ड्रोन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है कि यह किस विभाग का है और तकनीकी खराबी के कारण गिरा या यह किसी निजी एजेंसी का था। फिलहाल, इलाके में शांति है लेकिन ड्रोन को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।