बाबू जगजीवन राम की 119वीं जयंती: आगरा में ‘समाज रत्न’ से नवाजे गए डॉ. रामजी लाल, कैबिनेट मंत्री बेबीरानी मौर्य ने दिया शिक्षा का मंत्र

स्थानीय समाचार

आगरा। देश के पूर्व उपप्रधानमंत्री और शोषितों-वंचितों की आवाज बाबू जगजीवन राम की 119वीं जयंती आगरा में गौरव और उत्साह के साथ मनाई गई। ‘जाटव समाज उत्थान समिति’ द्वारा बाबू जगजीवन राम पार्क में आयोजित भव्य समारोह में न केवल बाबूजी के पदचिह्नों पर चलने का संकल्प लिया गया, बल्कि समाज सेवा में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पूर्व चिकित्सा निदेशक डॉ. रामजी लाल को ‘समाज रत्न’ की उपाधि से विभूषित कर उनका नागरिक अभिनंदन किया गया।

शिक्षा ही प्रगति का एकमात्र मार्ग: बेबीरानी मौर्य

मुख्य अतिथि के रूप में पधारीं उत्तर प्रदेश की कैबिनेट मंत्री श्रीमती बेबीरानी मौर्य ने शिक्षा पर विशेष जोर दिया। उन्होंने जानकारी दी कि प्रदेश सरकार अनुसूचित जाति के छात्र-छात्राओं को प्रति वर्ष 1200 रुपये की सहायता दे रही है और निजी स्कूलों में 25% गरीब बच्चों का प्रवेश अनिवार्य किया गया है। उन्होंने कहा, “शिक्षा वह चाबी है जिससे प्रगति के द्वार खुलते हैं।” उन्होंने समिति के 49 वर्षों के सेवा कार्यों की मुक्तकंठ से सराहना की।

विकास और विरासत का संगम

विधायक और पूर्व मंत्री डॉ. जी.एस. धर्मेश ने बताया कि डॉ. आंबेडकर और बाबू जगजीवन राम के सपनों को पूरा करने के लिए देवरी रोड पर राजकीय महाविद्यालय का निर्माण कराया गया है। उन्होंने पार्क में पुस्तकालय के निर्माण के बाद आगामी वर्ष में और अधिक विकास कार्य कराने का भरोसा दिलाया। वहीं, पूर्व मंत्री गंगा प्रसाद पुष्कर ने आगरा के माल रोड का नाम बदलकर ‘बाबू जगजीवन राम मार्ग’ करने की पुरानी मांग को फिर से प्रमुखता से उठाया।

​बाबूजी का ऐतिहासिक योगदान याद किया

समारोह में वक्ताओं ने बाबूजी के बहुआयामी व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला। एडवोकेट करतार सिंह भारतीय ने याद दिलाया कि कैसे रेल मंत्री रहते हुए बाबूजी ने सामाजिक समानता के लिए प्याऊ पर अनुसूचित वर्ग के लोगों को बैठाया था। वहीं, देवेंद्र कुमार चिल्लू ने 1971 के युद्ध में रक्षा मंत्री के रूप में उनकी निर्णायक भूमिका और खाद्य मंत्री के रूप में देश को आत्मनिर्भर बनाने के उनके योगदान को नमन किया।

कुरीतियों को त्यागने का आह्वान

समिति के संरक्षक देवकीनंदन सोन ने समाज से अपील की कि वैचारिक परिवर्तन और कुरीतियों के त्याग के बिना वास्तविक प्रगति संभव नहीं है। कार्यक्रम का उद्घाटन भन्ते अमर ज्योति द्वारा किया गया और अनिल कुमार संत ने अध्यक्षता की। समारोह में सिद्धार्थ उच्च माध्यमिक विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने पदयात्रा निकालकर सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया।

दिग्गजों की मौजूदगी

इस अवसर पर अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य दिनेश भारत, शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित सिंह, सपा के पूर्व शहर अध्यक्ष वाजिद निसार, रमाकांत सारस्वत और संजय सिंह सहित दर्जनों गणमान्य लोगों ने बाबूजी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का सफल संचालन परमजीत सिंह ने किया।