हरद्वार दुबे की रिक्त राज्यसभा सीट पर डा.दिनेश शर्मा भाजपा के प्रत्याशी

Politics

उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की खाली हुई एक सीट पर उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपने उम्मीदवार की घोषणा कर दी है। पार्टी ने डॉ. दिनेश शर्मा को प्रत्याशी बनाया है। चुनाव आयोग ने हाल ही में वरिष्ठ भाजपा नेता हरद्वार दुबे के निधन के वजह से खाली हुई सीट पर 15 सितंबर को यूपी से राज्यसभा के लिए उपचुनाव कराने की घोषणा की थी।

चुनाव आयोग ने उपचुनाव के लिए एक अधिसूचना जारी की थी, जिसमें योग्य उम्मीदवारों से नामांकन आमंत्रित किए गए थे। चुनाव आयोग ने घोषणा की थी कि नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख पांच सितंबर है और नामांकन की जांच अगले दिन की जाएगी। नाम वापसी की आखिरी तारीख आठ सितंबर है। मतदान सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक होगा और वोटों की गिनती उसी दिन शाम पांच बजे की जाएगी। यूपी से राज्यसभा सदस्य हरद्वार दुबे का विगत 26 जून को दिल्ली में 72 साल की उम्र में निधन हो गया था।

दिनेश शर्मा वर्ष 2017 से 2022 के दौरान योगी आदित्यनाथ सरकार के पहले कार्यकाल में यूपी के उपमुख्यमंत्री रह चुके हैं। उनका जन्म 12 जनवरी 1964 को लखनऊ में हुआ था। लखनऊ विश्वविद्यालय में वाणिज्य के प्रोफेसर दिनेश शर्मा लगातार दो बार लखनऊ के मेयर रहे हैं। दिनेश शर्मा को सबसे पहले साल 1987 में लखनऊ विद्यार्थी परिषद के अध्यक्ष के तौर पर चुना गया था। इसके बाद वर्ष 1991 में प्रदेश भाजपा युवा मोर्चा का प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया था। फिर साल 1993 से 1998 तक भाजपा युवा मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष रहे।

भाजपा सरकार बनने पर इन्हें राज्यमंत्री का दर्जा प्रदान कर यूपी पर्यटन विकास निगम का उपाध्यक्ष बनाया गया था। साल 2006 में पहली बार दिनेश शर्मा लखनऊ के मेयर चुने गए थे।

-एजेंसी