​संत रविदास की 650वीं जयंती को समर्पित होगा संस्कार भारती का दीपोत्सव, आगरा के कमला नगर में 2 नवंबर को सजेगा आनंद मेला; महिलाओं और बच्चों की कला को मिलेगा मंच

विविध

आगरा। दीपावली का उल्लास, भारतीय संस्कृति की छटा और सामाजिक समरसता का संदेश… इन सबका अनूठा संगम देखने को मिलेगा संस्कार भारती जिला आगरा, ब्रज प्रांत के दीपावली आनंद मेले में। इस बार यह आयोजन संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती को समर्पित रहेगा। संत रविदास जी के समरसता, समानता और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के भाव के साथ आयोजित होने वाले इस मेले में बच्चों की प्रतिभा, महिलाओं की रचनात्मकता, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और दीपावली की खरीदारी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। 2 नवंबर को कमला नगर स्थित सद्भावना पार्क में आयोजित होने वाले मेले के आमंत्रण पत्र का विमोचन शुक्रवार को सरस्वती शिशु मंदिर, कमला नगर में किया गया।

संस्कार भारती के अध्यक्ष राम अवतार यादव ने बताया कि दीपावली आनंद मेला दोपहर 2 बजे से सद्भावना पार्क, पानी की टंकी के पीछे, कमला नगर में आयोजित होगा।

कार्यक्रम अध्यक्ष पवन बंसल ने बताया कि कला एवं साहित्य को समर्पित अखिल भारतीय संस्था संस्कार भारती भारतीय संस्कृति की जड़ों से जोड़कर और सनातन मूल्यों को महत्व देते हुए कार्य करती है। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती को समर्पित यह आयोजन उनके विचारों, सामाजिक समरसता और मानव कल्याण के संदेश को आगे बढ़ाने का माध्यम बनेगा।

संस्था के संरक्षक राज बहादुर सिंह राज ने बताया कि मेले का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को एक मंच पर लाकर सामूहिक रूप से त्योहार मनाना और भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं को प्रोत्साहित करना है। संत रविदास जी के समानता, प्रेम और सद्भाव के विचारों को आत्मसात करते हुए यह आयोजन सामाजिक एकता का संदेश भी देगा।

महामंत्री यतेंद्र सोलंकी ने बताया कि मेले का मुख्य आकर्षण बच्चों के लिए आयोजित होने वाली विभिन्न प्रतियोगिताएं होंगी। इनमें 6 से 8 वर्ष के बच्चों के लिए रंग भरो प्रतियोगिता तथा 5 से 8 वर्ष और 8 से 12 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए विविध वेश प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। वहीं 10 से 16 वर्ष तक के बच्चों के लिए रामायण पर आधारित सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता विशेष आकर्षण रहेगी। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों में रचनात्मकता, भारतीय संस्कृति और धार्मिक ज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।

प्रांतीय कोषाध्यक्ष आशीष अग्रवाल ने बताया कि मेले में महिलाओं के लिए विशेष प्रतियोगिताएं रखी गई हैं, जिनमें उनकी रचनात्मक प्रतिभा को नया विस्तार मिलेगा। इसके अंतर्गत वंदनवार सज्जा और थाल-कलश सज्जा प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। वहीं हर आयु वर्ग के प्रतिभागियों के लिए शंख बजाओ प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र रहेगी।

विभिन्न स्कूलों के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इनमें डांडिया और गरबा नृत्य विशेष आकर्षण होंगे। स्वागत अध्यक्ष अमित जैन ने बताया कि मेले में लकी ड्रॉ के माध्यम से 100 आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इसके साथ ही 50 से अधिक स्टॉल्स पर शहरवासी दीपावली की खरीदारी कर सकेंगे। घरेलू उपयोग की वस्तुओं, सजावटी सामान और त्योहार से जुड़ी सामग्री के विविध विकल्प एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगे।

मेले में दोपहर 2:30 बजे से शाम 6:30 बजे तक विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।

आमंत्रण पत्र विमोचन के अवसर पर मुरारी प्रसाद अग्रवाल, प्रखर अवस्थी, एसके मिश्रा, रामकुमार अग्रवाल, राजेंद्र गोयल, हेमंत अग्रवाल, प्रो. नीलू शर्मा, सीमा अग्रवाल, साधना राठौर, संगीता जैन, हरिओम अग्रवाल, सुजाता अरोड़ा, इंजी. दिनेश शाक्य, बालकृष्ण पचौरी, संजय बघेल, देवेंद्र थापक, अंकिता गुप्ता आदि उपस्थित रहे।